Stock Market: शेयर बाजार ने पकड़ी रफ्तार, 1750 अंक चढ़ा सेंसेक्स, निफ्टी 539 अंक के पार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल आया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्मार्टफोन, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक को अपने शुल्क से अस्थायी रूप से छूट देने के फैसले से निवेशकों की धारणा को बल मिला। 

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,750.37 अंक की बढ़त के साथ 76,907.63 अंक पर, जबकि एनएसई निफ्टी 539.8 अंक चढ़कर 23,368.35 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से टाटा मोटर्स के शेयर पांच प्रतिशत चढ़े। लार्सन एंड टूब्रो, एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और इंडसइंड बैंक के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहने वालों में शामिल रहें। 

हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, नेस्ले और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की 225, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी फायदे में रहे। अमेरिकी बाजार भी सोमवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। 

आंबेडकर जयंती के अवसर पर सोमवार को शेयर बाजार बंद थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 64.94 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 2,519.03 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।  

 

संबंधित समाचार