बाराबंकी : स्टेडियम और जेनेस्मा के सामने से हटेंगे डंपिंग यार्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डीएम ने रेवन्यू जेनरेट करने की कार्ययोजना बनाने के दिये निर्देश

बाराबंकी :  नगर विकास विभाग और डूडा के कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने बाबू केडी सिंह स्टेडियम और जनेस्मा पीजी डिग्री कॉलेज के सामने स्थित कूड़े के डंपिंग यार्ड को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने का निर्देश दिया।

उन्होंने नगर पालिका नवाबगंज और 13 नगर पंचायतों में विकास कार्यों की समीक्षा की। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही कूड़े के एकत्रीकरण और निस्तारण के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने नगर निकायों की आय बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया। समय पर काम पूरा न करने वाले ठेकेदारों पर पेनाल्टी और कार्रवाई का प्रावधान रखा गया।

बैठक में बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करने और सड़कों की पटरियों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। मत्स्य पालन के लिए तालाबों की नीलामी और नगर क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मधुमिता सिंह, नगर पालिका नवाबगंज के ईओ संजय शुक्ला सहित सभी नगर पंचायतों के ईओ मौजूद रहे।

धार्मिक स्थलों के विकास को मिली बड़ी सौगात

पर्यटन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए जनपद में पर्यटन विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के लिए कुल 50.45 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। पहली परियोजना राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा के प्रस्ताव पर स्वीकृत हुई है। जिसमें विकास खंड बनीकोडर में स्थित लालेश्वर शिव मंदिर में गोमती तट पर सीढ़ियों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही विश्रामस्थल और पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी।

दूसरी परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुरूप है। लोधेश्वर महादेव मंदिर में समेकित पर्यटन विकास किया जाएगा। यहां पर्यटकों के लिए नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। तीसरी परियोजना हैदरगढ़ के विधायक दिनेश रावत के प्रस्ताव पर आधारित है। विकास खंड हैदरगढ़ में अवसानेश्वर घाट स्थित मंदिरों का पर्यटन विकास किया जाएगा। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आकर्षित करना है। पर्यटन विभाग पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रहा है।

यह भी पढ़ें:- बाराबंकी : 6 महीने से 1098 मजदूरों को नहीं मिला मेहनताना, चार करोड़ की मजदूरी बकाया, पलायन करने को मजबूर है श्रमिकों का परिवार

संबंधित समाचार