गोरखपुर: पति ने फोन पर दिया तीन तलाक, तो महिला ने फंदा लगाकर दी जान, दारोगा निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। गोरखपुर के चौरी चौरा इलाके में पति द्वारा फोन पर कथित रूप से तीन तलाक दिए जाने और ससुराल के लोगों द्वारा दहेज की खातिर लगातार उत्पीड़न से परेशान एक विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में लापरवाही बरतने पर एक दारोगा को निलंबित कर दिया गया है। 

पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि चौरी चौरा इलाके में 23 वर्षीय विवाहिता सानिया ने सोमवार देर रात खुदकुशी कर ली। परिजन का आरोप है कि सानिया के पति ने सोमवार शाम महाराष्ट्र से फोन करके तीन बार तलाक कहकर संबंध तोड़ने की बात कही थी जिसके बाद उसने देर रात फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। 

सानिया की मां आसिया ने बताया कि उनकी बेटी की शादी सात अगस्त 2023 को सलाउद्दीन नामक व्यक्ति से हुई थी और मांग के अनुसार दहेज भी दिया गया था, मगर इसके बावजूद सानिया को उसके पति, उसकी सास सायरा, ननद आसिया, खुशबू और रोजी और देवर जिया-उल-उद्दीन और बालाउद्दीन और अधिक दहेज लाने की मांग करते हुए बार-बार प्रताड़ित करते थे। 

आसिया ने आरोप लगाया कि मामले को सुलझाने के कई प्रयासों के बावजूद उत्पीड़न जारी रहा। उन्होंने कहा कि इससे तंग आकर सानिया 26 अप्रैल को गोरखपुर में अपने मायके लौट आई थी, मगर ससुराल के लोग उसे लगातार फोन करके परेशान कर रहे थे। 

आसिया ने आरोप लगाया कि उसने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए चौरी चौरा थाने में शिकायत दर्ज करने के लिए अर्जी दी थी लेकिन दारोगा जयप्रकाश सिंह ने उसे दर्ज करने से इनकार कर दिया था। आसिया ने बताया कि सोमवार की शाम सलाउद्दीन ने सानिया को फोन करके तीन तलाक दे दिया था जिससे क्षुब्ध होकर उसने उसी रात फांसी लगा ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने विभागीय जांच के आदेश दिये। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गयी जांच में पुष्टि हुई कि सानिया थाने गई थी, लेकिन कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था। सूत्रों ने बताया कि इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दारोगा जयप्रकाश सिंह को बुधवार शाम निलंबित कर दिया।

उन्होंने बताया कि इस मामले में महाराष्ट्र के रायगढ़ स्थित रसायनी इलाके के रहने वाले सानिया के पति सलाउद्दीन, सास सायरा, ननदों और देवरों समेत आठ लोगों के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।  

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Barabanki News: खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू, बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट; 200 बच्चों की पढ़ाई पर भी मंडराया संकट
कानपुर में लोन डिफॉल्ट पर एक्शन : बैंक ने लगाया लैदर फैक्ट्री पर ताला, बकाया न चुकाने पर लिया कब्जा
Barabanki News: श्रावण से पहले शिव मंदिरों की विद्युत सुरक्षा दुरुस्त करने के निर्देश, डीएम बोले- लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी
NEET विवाद: सरकार-CJP वार्ता के बाद बढ़ी उम्मीदें, सरकार ने मानी 3 में से 2 मांगे; क्या होगा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा?
Gonda News:चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म