तेंदुए की दहशत : चारा लेने जा रहे दंपती पर वन्यजीव का हमला, जिला अस्पताल में रेफर 

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

अमृत विचार: थाना भीरा क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर बाद एक तेंदुए ने खेत से पशुओं के लिए चारा लेने जा रहे दंपती पर हमला कर दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया है। 

गांव रूपनपुरवा निवासी आसाराम (43) अपनी पत्नी पिंकी (38) के साथ पशुओं के लिए चारा लेने जा रहे थे। बताते हैं कि रास्ते में बगिया खेड़ा के निकट नहर पुलिया के पास झाड़ी में छिपे बैठे तेंदुए ने हमला कर दिया। इससे दंपती घायल हो गए। दंपती के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े और शोर शराबा किया। इस पर तेंदुआ दोनों को छोड़कर गन्ने के खेतों की तरफ चला गया। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत व्याप्त हो गई। तमाम ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए।

परिजन दोनों को सीएचसी लाए और भर्ती कराया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दंपती पर हमले की सूचना पाकर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुच गई। डिप्टी रेंजर अखिलेश शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। डिप्टी रेंजर ने बताया कि तेंदुए की निगरानी के लिए टीम लगाई गई है। ग्रामीणों को सचेत रहने के लिए कहा गया है। जल्द ही पिंजड़ा लगाकर तेंदुए को पकड़ा जाएगा।

खेत गई महिला पर तेंदुए ने किया हमला, घायल

धौरहरा वन रेंज के बबुरी मार्ग पर बंद पड़े एक भट्ठे के पास तेंदुए ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग टीम ने कॉम्बिंग शुरू की है।

धौरहरा कस्बे के शुक्ला वार्ड निवासी बानो (45) पत्नी खलीक अहमद बबुरी मार्ग पर बंद पड़े एक भट्ठे के पास बकरियों के लिए पत्ते तोड़ने गई थी। तभी झाड़ियों से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया,जिससे वह घायल हो गई।शोर सुनकर काफी लोग आ गए, जिसकी वजह से तेंदुआ उसे छोड़ कर भाग गया। ग्रामीणों की सूचना पर क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी सहित वन टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सतर्क करते हुए निगरानी शुरू की।

बता दे बृहस्पतिवार कल सुबह तेंदुए ने एक पालतू गाय का अमेठी गांव में शिकार किया था। क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी ने तेंदुए के हमले से महिला को मामूली खरोंचे आई है, वह सुरक्षित है, ग्रामीणों को वहां जाने से मना किया गया है। वन टीम निगरानी कर रही है।

यह भी पढ़ें:-बाराबंकी : सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत, एक घायल

संबंधित समाचार