बरेली: श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 15 जनवरी से लिया जाएगा दान- कर्मवीर
बरेली,अमृत विचार। मंच, माइक, माला से दूर का रहने वाले संघ के बृज प्रांत के पूर्व सह प्रचारक कर्मवीर के पहली बार प्रदेश भाजपा के सह संगठन मंत्री बनने के बाद आगमन पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और संघ के स्वयंसेवकों ने उनका जगह-जगह स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने आईएमए हाल में संघ के स्वयंसेवकों, पदाधिकारियों, …
बरेली,अमृत विचार। मंच, माइक, माला से दूर का रहने वाले संघ के बृज प्रांत के पूर्व सह प्रचारक कर्मवीर के पहली बार प्रदेश भाजपा के सह संगठन मंत्री बनने के बाद आगमन पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और संघ के स्वयंसेवकों ने उनका जगह-जगह स्वागत किया।
इसके बाद उन्होंने आईएमए हाल में संघ के स्वयंसेवकों, पदाधिकारियों, भाजपा नेताओं, सांसद, विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि पहली बार राजनीतिक दल के लिए कार्य करने का अवसर मिला है। संघ ने सपना संजोया था कि एक विधान, एक प्रधान और एक झंडा जिसे पूरा करने का कार्य भाजपा ने किया है। इसके कारण हम सभी को भाजपा के साथ पूरी ताकत से खड़ा होना चाहिए।
सह संगठन मंत्री ने सरल भाषा में संघ के सह प्रांत प्रचारक के दायित्व और भाजपा के दायित्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की कई प्रदेशों में सरकार है, हमे शक्ति देने की जरूरत है। स्वयं सेवक पहले स्वयं चलता है, इसके बाद धीरे-धीर कारवां बनता जाता है। हमको संघ के स्वयं सेवकों का सम्मान करना होगा।
विधान परिषद के चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरे मनोयोग से बूथ तक जुटे रहने की जरूरत है। श्रीराम मंदिर के निर्माण हर व्यक्ति का योगदान होना चाहिए। अनुमान है कि मंदिर के निर्माण में 15 सौ करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इसके लिए 15 जनवरी से 27 फरवरी तक अभियान चलाकर पांच लाख गांवों तक हमें पहुंचाना है। इसके लिए सौ, दो सौ, पांच रुपये के दान के लिए रसीद सभी जगहों पर भेजी जाएगी। धन प्राप्ति के बाद तुरंत जमा करना होगा।
कार्यक्रम में विभाग संघचालक केसी गुप्ता, महानगर संघचालक अतुल खंडेलवाल ने शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, अंकित महेश्वरी ने रामपुर जनपद की सीमा पर माला पहनाकर स्वागत किया। डा. प्रमेंद्र महेश्वरी ने सह संगठन मंत्री को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, विभाग प्रचारक आंनद, महानगर प्रचारक विक्रांत, विभाग कार्यवाह सुरेश, बहेड़ी के जिला प्रचारक ओमवीर, महानगर कार्यवाह हरीशचंद्र, डा. विमल, अनुराग, शहर विधायक डा. अरुण कुमार, मेयर डा. उमेश गौतम, विधायक बहोरन लाल, धर्मपाल सिंह, राजेश मिश्र उर्फ पप्पू भरतौल, राजीव सिंह, गुलशन आनंद, गौरव वर्मा, डा. विवेक मिश्र, आलोक प्रकाश, पूर्व उप सभापति अतुल कपूर आदि मौजूद रहे।
