बदायूं: भाजपा नेता के भाई की डेयरी पर कैद थी महिला...दबंग तीन दिन तक करता रहा शोषण

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

 29 अप्रैल की रात तमंचे के बल पर महिला को घर से ले गया था पूर्व प्रधान

बदायूं,अमृत विचार। जरीफनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला को पूर्व प्रधान तमंचे के बल पर उसके घर से उठाकर ले गाय। अपनी डेयरी पर तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा। शुक्रवार को महिला का पति ग्रामीणों के साथ डेयरी फॉर्म पर पहुंच गया और जमकर हंगामा किया। अपनी पत्नी को बंधन से छुड़ाया। पति ने पुलिस को तहरीर देकर पत्नी का मानसिक व शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बंधक बनाने और धमकाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। 

महिला के पति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। 29 अप्रैल की रात लगभग 12 बजे गांव निवासी भाजपा नेता का भाई व पूर्व प्रधान व पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रमोद कुमार शर्मा तमंचा लेकर उनके घर पर पहुंच गया। घर पर उनकी पत्नी सो रही थी। आरोपी उसकी पत्नी को जबरन उठाकर अपने डेयरी फॉर्म पर ले गया। जहां तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा। उसे जानकारी हुई तो वह घर पहुंचे थे। ग्रामीणों ने घटना के बारे में बताया। वह कई ग्रामीणों को लेकर डेयरी फॉर्म पर पहुंचे। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रमोद शर्मा को डेयरी से बाहर खींच लिया और पिटाई लगा दी। 

पति ने महिला को बंधनमुक्त कराया। मौके पर जमकर हंगामा हुआ। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसकी सूचना पर पुलिस पहुंची। आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने साथ दुष्कर्म की घटना से मना किया है। कहा कि उसे सिर्फ बंधक बनाकर शोषण किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। महिला के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसएचओ अश्विनी कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें-बदायूं: सात बंदरों को आटे में जहर देकर मारा था...अब अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार