शाहजहांपुर में डीजे पर डांस को लेकर वर-वधू पक्ष में मारपीट, नाराज दूल्हा लौटा घर
खुटार, अमृत विचार: डीजे पर डांस को लेकर वर-वधू पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्ष से लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। जबकि विवाद से नाराज दूल्हा अपने परिवार, रिश्तेदार और बारातियों के साथ वापस घर लौट गया। वधू पक्ष ने शादी नहीं करने पर पुलिस से शिकायत करने की धमकी दी, तब दूल्हा अपने परिवार के साथ वापस पहुंचा और दुल्हन के साथ शादी की रस्मों को पूरा किया।
नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति की बेटी की बारात बुधवार को शाहजहांपुर से खुटार आई थी। बारात में द्वारचार की रस्म पूरी होने के दौरान दरवाजे पर लगे डीजे पर डांस हो रहा था। इसी बीच बाराती भी पहुंच गए। जहां वर-वधू पक्ष के लोगों के बीच नाचने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में विवाद बढ़ जाने के बाद मारपीट शुरू हो गई और एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे।
इससे बारात में अफरा तफरी मच गई। मारपीट में दोनो पक्ष के कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना रात में ही पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा शांत कर दिया। तभी नाराज बाराती दूल्हे को लेकर वापस लौट गए। वधू पक्ष के लोगों ने दूल्हे के परिवार के लोगों से बात की और शादी न करने पर पुलिस का सहारा लेने की चेतावनी दी। गुरुवार सुबह करीब तीन बजे दूल्हा अपने परिवार के साथ वधू पक्ष के घर पहुंचा। जहां शादी की रस्म पूरी की गई। बाद में बारात को विदा किया गया।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: ईको ने किशोर को कुचला, मौत...ग्रामीणों ने किया हंगामा
