कासगंज : विधायक ने सीएम के समक्ष रखी अमांपुर में बालिका महाविद्यालय की मांग
जाम की समस्या से निजात दिलाने को स्थाई मटर मंडी निर्माण की उठाई मांग
कासगंज, अमृत विचार। अमांपुर क्षेत्र के विधायक हरिओम वर्मा ने लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उनके समक्ष क्षेत्र की समस्याओं को रखा। अमांपुर में बालिका महाविद्यालय का निर्माण, स्थाई मटर मंडी का निर्माण और तंबाकू क्रय केंद्र खोले जाने की मांग रखी।
विधायक हरिओम वर्मा ने कहा कि अमांपुर में बालिका महाविद्यालय ने होने से छात्राओं को खासा परेशानी होती है। इंटरमीडिएट के बाद उन्हें गंजडुंडवारा, कासगंज अन्य शहरों में उच्च शिक्षा के लिए जाना होता है। कई छात्राएं तो आने जाने की दिक्कतों के चलते पढ़ाई छोड़ देती हैं या फिर प्राइवेट कोर्स करती हैं। महाविद्यालय निर्माण के लिए अमांपुर क्षेत्र में पर्याप्त भूमि की भी व्यवस्था हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से महाविद्यालय के निर्माण की मांग रखी। अस्थाई मटर मंडी के कारण मंडी क्षेत्र में फसल के दौरान जाम के हालात रहते हैं। जाम के चलते निकलना मुश्किलों भरा होता है। स्थाई मटर मंडी का निर्माण हो जाए तो इस समस्या का निदान हो जाएगा। अमांपुर, गंजडुंडवारा व पटियाली क्षेत्र में तंबाकू की फसल बढ़ी संख्या में किसान करते हैं। बिक्री के लिए क्षेत्र में क्रय केंद्र खुलने से किसानों की फसल अच्छे दाम में बिना किसी दिक्कतों के बिक जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से स्थाई मटर मंडी के निर्माण व तंबाकू क्रय केंद्र के खोले जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि सभी मांगों को मुख्यमंत्री ने सकारात्मक जवाब दिया है।
ये भी पढ़ें - कासगंज: पालिका क्षेत्र में दस वर्षों से ज्यादा विकास हुआ मात्र दो वर्षों में– मीना माहेश्वरी
