अयोध्या: चचेरे भाई ने कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। रौनाही थाना क्षेत्र में एक शख्स ने अपने चचेरे भाई पर कुल्हाड़ी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए जाने पर हालत गंभीर होने के चलते लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश …

अयोध्या, अमृत विचार। रौनाही थाना क्षेत्र में एक शख्स ने अपने चचेरे भाई पर कुल्हाड़ी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए जाने पर हालत गंभीर होने के चलते लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

रौनाही थाना क्षेत्र के गांव करेरू का रहने वाला 22 वर्षीय तौफीक उर्फ़ गुड्डू पुत्र जब्बार थाना क्षेत्र के ही कांटे चौराहे पर मजदूरी का काम करता है। रोज की तरह सोमवार की देर शाम वह मेहनत मजदूरी कर घर वापस आया। इसी के बाद उसका चचेरा भाई अंसार उसे शौच के बहाने गांव के बाहर ले गया और वहां गन्ने के खेत के पास कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। तौफीक को मरणासन्न करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।

खोजबीन के बाद गुड्डू गंभीर हाल में गन्ने के खेत के पास मिला तो मामले की खबर पुलिस को दी गई और तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। जिला अस्पताल लाए जाने पर डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख उचित उपचार के लिए उसको लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वर्तमान में उसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। वारदात की खबर जब उसके मोहल्ले में पहुंची तो पड़ोसी सिरताज अहमद को दिल का दौरा पड़ गया और उनकी मौत हो गई। सिरताज बचपन से ही अपने ननिहाल करेरू में रह रहे थे।

मंगलवार को क्षेत्राधिकारी सदर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने बताया कि रौनाही थाना क्षेत्र के गांव करेरू में चचेरे भाई की ओर से कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस में घायल को उपचार के लिए भिजवाया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

संबंधित समाचार