हीटवेव के बाद राहत की फुहारें, बरेली में चार दिन झमाझम बारिश की संभावना

बरेली, अमृत विचार: जिले का मौसम शनिवार को एक बार फिर बदल जाएगा। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को दो दिन हीटवेव और शनिवार से चार दिन बादल छाए रहने और बारिश की भविष्यवाणी की है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।
बुधवार को दिन की शुरुआत तेज धूप से हुई। दोपहर में तेज हवाएं चलने से लोग गर्मी से बेहाल हो गए। घर से बाहर निकले बाइक सवारों को भी काफी दिक्कत हुई। अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस दौरान पश्चिम से पूर्व की तरफ के लिए 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। वहीं हवा में नमी सुबह 50 प्रतिशत और शाम को 40 प्रतिशत दर्ज की गई।
आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज होने का अनुमान है।
वहीं शुक्रवार को हीट वेव का अलर्ट है और अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज होगा। उन्होंने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गया है। इसका असर पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा।
बरेली में इसके असर से ही 17 मई से 20 मई तक बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। इस दौरान औसतन अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट के साथ 38 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक दर्ज होने का पूर्वानुमान जताया गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया राजस्व निरीक्षक, भेजा गया जेल