बदायूं: फसल की सिंचाई करने गए युवक ने फंदा लगाकर दी जान

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

उझानी, अमृत विचार। गृह कलेश के बाद एक युवक खेत पर फसल की सिंचाई करने गया। युवक ने सुसाइड नोट लिखकर नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के ससुरालीजनों ने उसके परिजनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।

उझानी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा के मोहल्ला अहिरटोला निवासी परविंदर पाल (32) पुत्र सियाराम पाल खेती करते थे।  पड़ोसियों के अनुसार परविंदर पाल का अपने परिजनों अक्सर ही किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। शनिवार रात वह अपने खेत पर मक्का की फसल की सिंचाई करने गए थे। अपने खेत पर नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के चाचा राय सिंह ने भतीजे का शव पेड़ पर लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी। परिजन चीत्कार करते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर युवक के ससुरालीजन पहुंचे। युवक के परिजन और ससुरालीजनों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। ससुरालीजनों ने परिजनों पर युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। 

सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर नीरज मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि युवक की जेब से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है लेकिन पुलिस इस बात के बारे में कुछ नहीं बता रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया गया है। जिसकी रिपोर्ट और तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार