Bareilly: पशुधन मंत्री के बयान पर भड़के बजरंग दल कार्यकर्ता, फूंका पुतला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की ओर से एक सभा में दिए गए बयान से बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कृष्णलीला स्थल पर विरोध प्रदर्शन किया और मंत्री का पुतला भी फूंका। पुलिस ने पुतला दहन करने से रोकने की कोशिश की, मगर कामयाब नहीं हो सकी।

दुग्ध एवं पशुपालन मंत्री धर्मपाल की ओर से विशेष समुदाय की सभा में बयान दिया गया था। उस टिप्पणी से बजरंग दल के कार्यकर्ता आहत हैं। इसी को लेकर सोमवार को कृष्ण लीला स्थल पर महानगर संयोजक केवलानंद गौड़ की अगुवाई में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। सूचना पाकर पुलिस भी माैके पर पहुंची, लेकिन कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला फूंक दिया। महानगर संयोजक ने कहा कि मंत्री ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जो स्वीकार्य नहीं है। आरोप लगाया कि मंत्री की उस टिप्पणी का वीडियो आंवला के बजरंग दल कार्यकर्ता ने फेसबुक पर अपलोड कर दी। 

यह बात मंत्री को इतनी नागवार गुजरी कि अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उल्टे बजरंग दल कार्यकर्ता पर ही केस दर्ज करा दिया। बताया कि केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी भी कर ली गई है। अभी तक संगठन प्रतीक्षा कर रहा था पर अब धैर्य जवाब दे रहा है। इसी के परिणामस्वरूप पुतला फूंका गया है। उन्होंने कहा कि अगर दो दिन के अंदर मंत्री ने की गई टिप्पणी काे लेकर माफी नहीं मांगी और कार्यकर्ता पर दर्ज कराया गया केस वापस नहीं लिया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

महानगर सुरक्षा प्रमुख आर्यन खटीक बोले कि बजरंग दल का कार्यकर्ता समाज का सामान्य कार्यकर्ता होता है। अपना व्यापार और अन्य काम को छोड़कर धर्म, समाज का कार्य करता है। ऐसे में मंत्री धर्मपाल सिंह की तरफ से की गई इस तरह की बातें बहुत दुखद हैं। संगठन इसका कड़ा विरोध करेगा। इस दौरान ऋषभ ठाकुर, लक्की रत्नाकर, आशीष शर्मा, अरुण, अनमोल सैनी, निखिल गंगवार, विशाल सक्सेना, सूरज मौर्या, अंकित, अमन समेत बजरंग दल के कार्यकर्ता माैजूद रहे।

संबंधित समाचार