मुरादाबाद: दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने गला दबाकर विवाहिता की हत्या कर दी। बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए डकैती का विरोध करने पर हत्या की सूचना पुलिस को दे दी। आनन-फानन में भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई। शव पोस्टमार्टम को भेजने के बाद पुलिस ने …

मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने गला दबाकर विवाहिता की हत्या कर दी। बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए डकैती का विरोध करने पर हत्या की सूचना पुलिस को दे दी। आनन-फानन में भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई। शव पोस्टमार्टम को भेजने के बाद पुलिस ने सुराग की तलाश में घटनास्थल का चप्पा-चप्पा छान मारा।

वहीं विवाहिता की मौत की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हंगामा करते हुए पति पर ही हत्या करने का आरोप लगाया। शक के दायरे में आने पर पति को हिरासत में लेकर पुलिस उसे मझोला थाने ले आई। पूछताछ में पति ने हत्या करने की बात कबूल ली है। आरोपी की सास की तहरीर पर पति, उसके भाई व भाभी के खिलाफ मझोला थाने में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

वारदात मझोला थाना क्षेत्र के गागन वाली मैनाठेर की है। गांव निवासी जितेंद्र कुमार बर्तन बनाने का काम करता है। दो वर्ष पहले उसका विवाह सम्भल जिले के थाना नखासा क्षेत्र के ग्राम फतुल्लागंज निवासी रूपवती की बेटी मंजू के साथ हुआ था। गांव में दोनों पति-पत्नी साथ रह रहे थे। सोमवार की देर रात जितेंद्र ने अचानक शोर मचाना शुरू कर दिया तो तमाम ग्रामीण मौके पर आ गए। ग्रामीणों ने देखा कि मंजू का शव जमीन पर पड़ा है।

पूछने पर उसने बताया कि देर रात वह बाथरूम गया था, तभी नकाबपोश पांच बदमाशों ने उसे दबोच लिया। कमरे में ले जाकर उसके व पत्नी मंजू के हाथ-पैर बांधकर लूटपाट करने लगे। पत्नी से जेवर मांगे तो उसने विरोध किया। आरोप है कि बदमाशों ने गला दबाकर मंजू की हत्या कर दी और बाइक, मोबाइल फोन व गहने लूटकर फरार हो गए। देर रात जितेंद्र ने डकैती व महिला की हत्या की सूचना पुलिस को दी तो आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। फारेंसिक टीम ने आसपास सुराग की तलाश की।

मायके वालों ने किया हंगामा, लगाया आरोप
घटना की सूचना ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को दी तो वह मंगलवार की सुबह मौके पर पहुंचे। जितेंद्र ने उनके सामने भी लूट का विरोध करने पर हत्या की बात कही तो मायके वाले बिफर गए और जितेंद्र पर ही मंजू की हत्या करने का आरोप लगाने लगे। उनका कहना था कि जितेंद्र मंजू को प्रताड़ित करता था, कई बार मारपीट कर उसे घर से भी निकाल चुका है। शक के दायरे में आने पर पुलिस उसे मझोला थाने ले आई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में जीतेंद्र ने हत्या करने की बात कबूल ली। सोमवार की देर शाम आईजी रमित शर्मा ने भी मौका-मुआयना किया। इस मामले में मृतका की मां रूपवती की तहरीर पर पति जितेंद्र, भाई धर्मवीर और भाभी सुनीता के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं वारदात के बाद से जितेंद्र के भाई-भाभी समेत सभी परिजन फरार हैं। मझोला अपराध निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार