लखीमपुर खीरी: भाजपा सिंगाही मंडल महामंत्री समेत नौ लोगों के खिलाफ FIR

सिंगाही, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव निबौरिया में पूर्व प्रधान और सिंगाही भाजपा मंडल महामंत्री के बीच पेड़ काटने को लेकर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दूसरे पक्ष की तरफ से भाजपा मंडल महामंत्री समेत नौ लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर की है।
बतादें कि 25 अप्रैल 25 की सुबह करीब सात बजे खेत पर लगे यूकेलिप्टिस के पेड़ काटने को लेकर पूर्व प्रधान वीरेंद्र कुमार निबौरिया और गांव के ही भाजपा सिंगाही मंडल महामंत्री अरविंद वर्मा आमने-सामने आ गए थे। दोनों में मारपीट और फायरिंग भी हुई थी। इसमें पूर्व प्रधान वीरेंद्र वर्मा का लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग करते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने तीन दिन पहले पूर्व प्रधान को गिरफ्तार कर चालान भेजा था। तब से वह जिला कारागार में निरुद्ध हैं। आरोपी पूर्व प्रधान के पुत्र आशीष कुमार की तरफ से अब पुलिस ने गजराज, कमलेश, मुकुन्दराम, जगतराम, सुनील, संदीप कुमार, प्रदीप कुमार, विपिन कुमार और भाजपा सिंगाही मंडल अध्यक्ष अरविंद कुमार वर्मा के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
आशीष वर्मा का आरोप है कि उसके पिता वीरेंद्र कुमार वर्मा खेत देखने के लिए गए थे। ठेकेदार अमीरूल निवासी बनवीर-पुर उनके खेत की मेड पर खड़े हुए पेड़ो को आरोपियों के कहने पर अवैध रूप से कटवा रहा था। पिता ने पेड़ काटने से मना किया तो सभी आरोपी अन्य 20 अज्ञात लोगों के साथ आ गए। सभी के पास असलहे थे। अरविन्द वर्मा के हाथ में दुनाली बन्दूक थी, जिन्होंने उसके पिता पर जान से मार देने की नियत से फायर किया। गनीमत रही कि पिता बाल-बाल बटे गए। कई राउण्ड फायरिंग की। उसके पिता को पकड कर काफी मारापीटा। एसओ अजीत कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।