ब्रिटेन ने फाइजर-बायोएनटेक की कोरोना वैक्सीन को दी मंजूरी, अगले हफ्ते से शुरू होगा टीकाकरण
लंदन। ब्रिटेन ने फाइजर-बायोएनटेक की कोरोना वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल की अस्थायी मंजूरी दे दी है और यह वैक्सीन अगले सप्ताह से उपलब्ध हो जायेगी। स्वास्थ्य और सामाजिक देखभाल विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। इसके साथ ही ब्रिटेन इस तरह की अनुमति देने वाला दुनिया का पहला देश बन गया। विभाग ने कहा, …
लंदन। ब्रिटेन ने फाइजर-बायोएनटेक की कोरोना वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल की अस्थायी मंजूरी दे दी है और यह वैक्सीन अगले सप्ताह से उपलब्ध हो जायेगी। स्वास्थ्य और सामाजिक देखभाल विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। इसके साथ ही ब्रिटेन इस तरह की अनुमति देने वाला दुनिया का पहला देश बन गया।
विभाग ने कहा, “सरकार ने फाइजर-बायोएनटेक की कोविड-19 वैक्सीन को मंजूरी देने की स्वतंत्र औषधि एवं स्वास्थ्य उत्पाद नियामक एजेंसी की सिफारिश को आज स्वीकार कर लिया। यह वैक्सीन अगले सप्ताह से देश में उपलब्ध करायी जाएगी।” बयान के अनुसार, टीकाकरण पर गठित संयुक्त समिति जल्द ही इस संबंध में अपनी अंतिम परामर्श जारी करेगी कि किस समूह का पहले टीकाकरण किया जाये।
कंपनी ने हाल में दावा किया था कि परीक्षण के दौरान उसका टीका सभी उम्र, नस्ल के लोगों पर कारगर रहा। ब्रिटिश सरकार ने एमएचआरए को कंपनी द्वारा मुहैया कराए गए आंकड़ों पर गौर कर यह देखने को कहा था कि क्या यह गुणवत्ता, सुरक्षा और असर के मामले में सभी मानकों पर खरा उतरता है।
ब्रिटेन को 2021 के अंत तक दवा की चार करोड़ खुराक मिलने की संभावना है। इतनी खुराक से देश की एक तिहाई आबादी का टीकाकरण हो सकता है। खुराक का अधिकतर हिस्सा अगले साल की पहली छमाही में मिलने की संभावना है। ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैंकॉक ने ट्वीट किया, ”मदद आने वाली है।”
स्वास्थ्य राज्य मंत्री मैट हैंकॉक ने सरकार द्वारा फाइजर-बायोएनटेक वैक्सीन के उपयोग को मंजूरी देने के बाद बताया कि ब्रिटेन सरकार अगले सप्ताह टीकाकरण अभियान शुरू कर सकती है। हैंकॉक ने ट्विटर पर लिखा, “अगले सप्ताह की शुरुआत में एनएचएस (राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा) टीकाकरण शुरू करने के लिए तैयार है।” उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह देश में वैक्सीन के आठ लाख डोज पहुंच जायेंगे।
एनएचएस के मुख्य कार्यकारी सिमॉन स्टीवेंस ने कहा कि देश के इतिहास में इतने बड़े पैमाने पर टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य सेवा बड़े स्तर पर तैयारी कर रही है। करीब 50 अस्पतालों को इसके लिए तैयार रखा गया है और टीकाकरण केंद्रों की स्थापना की जा रही है।
एनएचएस के पास टीकाकरण का व्यापक अनुभव है और उसके पास सारी व्यवस्थाएं भी हैं। टीके का उत्पादन बायोएनटेक के जर्मनी स्थित केंद्रों के साथ ही फाइजर की बेल्जियम स्थित यूनिट में किया जाएगा। ब्रिटिश सरकार ने कहा कि उसे यकीन है कि फाइजर-बायोएनटेक टीके के वितरण के लिए जिन शीत भंडारण केंद्रों की आवश्यकता होगी उसमें कोई देरी या समस्या नहीं होगी।
टीके को फ्रिज में भंडारित किया जाएगा। इसे दो से आठ डिग्री सेल्सियस तापमान पर पांच दिन तक भंडारित किया जा सकता है, जिससे टीके को आसानी से भंडारित और वितरित किया जा सकता है। ‘बीबीसी’ ने कहा कि एक विचार को हकीकत का रूप देकर यह सबसे कम समय में बनने वाला पहला टीका होगा। इम्पीरियल कॉलेज लंदन में प्रतिरक्षा मामलों के प्रोफेसर डैनी अल्टमैन ने कहा कि यह ”खुशखबरी” की तरह है।
