सरकार ‘बातचीत का ढकोसला’ बंद करे और तीनों ‘काले कानून’ खत्म करे: राहुल
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन पर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ‘बातचीत का ढकोसला’ बंद कर इन ‘काले कानूनों’ को खत्म करे। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि किसानों की आय आधी हो गई, लेकिन सरकार के …
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन पर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ‘बातचीत का ढकोसला’ बंद कर इन ‘काले कानूनों’ को खत्म करे। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि किसानों की आय आधी हो गई, लेकिन सरकार के ‘मित्रों’ की आय चौगुनी हो गई।
कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ”मोदी सरकार, किसानों को जुमले देना बंद करे। बेईमानी अत्याचार बंद करे। बातचीत का ढकोसला बंद करे। किसान-मज़दूर विरोधी तीनों काले क़ानून खत्म करे।” उन्होंने किसानों के प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो साझा करते हुए कहा, ”कहा गया था कि किसान की आय दोगुनी होगी। लेकिन ‘मित्रों’ की आय हुई चौगुनी और किसान की हो गई आधी।” राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ”यह झूठ की, लूट की, सूट-बूट की सरकार है।”
उल्लेखनीय है कि नए केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे 35 किसान संगठनों की चिंताओं पर गौर करने के लिए एक समिति गठित करने के सरकार के प्रस्ताव को मंगलवार को किसान प्रतिनिधियों ने ठुकरा दिया। सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ मंगलवार को हुई उनकी लंबी बैठक बेनतीजा रही। इन कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में किसान दिल्ली के निकट पिछले एक सप्ताह से प्रदर्शन कर रहे हैं।
