कासगंज : आसमान से बरसी आफत, तापमान 40 के पार

भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त व्यस्त, घरों में कैद हुए लोग

कासगंज : आसमान से बरसी आफत, तापमान 40 के पार

कासगंज, अमृत विचार। शुक्रवार को गर्मी से आम जन-जीवन अस्तव्यस्त रहा। लोग घरों में कैद होकर रह गए। धूप की तेजी आसमान से आफत बनकर बरसी। तापमान 40 के पार पहुंच गया। बाजारों में सन्नाटा दिखाई दिया तो हाईवे पर वाहनों का आवागमन दोपहर में प्रभावित रहा। गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों ने ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लिया।

सुबह सूर्योदय के बाद से ही गर्मी तलाशने लगती है। 12 बजे के बाद हालात यह हो जाते हैं कि घरों निकलना दूभर हो जाता है। धूप से बचने के लिए लोग घरों में कैद होकर रह जाते हैं। गुरुवार को पारा 40 पार हो गया। बदन जला देने वाली गर्मी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। 11 बजे से ही बाजार सूने होने लगे। 12 बजे तक तो बाजारों में सन्नाटा पसर गया। गर्मी का प्रभाव हाईवे पर भी देखने को मिला। यहां वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। गर्मी से बेहाल लोग राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते देखे गए। कोल्ड ड्रिंक, सोडा शिकंजी, गन्ने रस,ठंडाई विक्रेताओं के यहां लोगों की भीड़ देखी गई।

नहर और नदियों में नहाने पहुंचे लोग
गुरुवार को गर्मी से परेशान हो राहत पाने के लिए नहर और नदियों व स्विमिंग पूल में नहाने के लिए पहुंचे। शहर से तमाम लोग सोरों की हरिपदी गंगा एवं कछला गंगा नदी के घाटों पर नहाने के लिए पहुंचे। लोगों की भीड़ से गंगा घाट के पिकनिक स्पॉट नजर आ रहे थे। शहर में तमाम स्विंग पूल में भी लोगों ने पहुंचकर मौज-मस्ती की।

यह रहा तापमान
अधिकतम : 41 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम : 27 डिग्री सेल्सियस

गर्मी में लू से बचने की आवश्यकता है। बेहतर यही रहेगा कि तेज धूप में लू के दौरान घर से बाहर न निकलें। धूप से घर आकर एक साथ ठंडा पानी न पीएं। किसी भी प्रकार स्वास्थ्य संबंधी की शिकायत होने पर चिकित्सक से परामर्श लेकर ही दवा लें। - डा. सीएल यादव, फिजिशियन

ये भी पढ़ें - कासगंज: लूटकांड का 24 घंटे में किया पर्दाफाश...बदमाशों से लूटी गई नकदी भी बरामद