बरेली: सिविल एन्क्लेव से उड़ान के लिए और बढ़ा इंतजार
बरेली,अमृत विचार। सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से उड़ान शुरू कराने होने की ‘संभावना’ जनवरी तक खिसक गयी। अभी तक दिसंबर माह में उड़ान शुरू कराने की चर्चा चल रही थी। बरेली पहुंचे राज्य के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल नंदी ने बरेली एयरपोर्ट से जनवरी माह में उड़ान शुरू होने की संभावना जतायी है। इससे …
बरेली,अमृत विचार। सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से उड़ान शुरू कराने होने की ‘संभावना’ जनवरी तक खिसक गयी। अभी तक दिसंबर माह में उड़ान शुरू कराने की चर्चा चल रही थी। बरेली पहुंचे राज्य के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल नंदी ने बरेली एयरपोर्ट से जनवरी माह में उड़ान शुरू होने की संभावना जतायी है। इससे स्पष्ट हो गया कि दिसंबर में उड़ान शुरू होने को फिर झटका लगा है।
2020 के अंत तक उड़ान शुरू होने की उम्मीद लगाये बैठे शहर के लोगों को फिर झटका लगा है। उड़ान शुरू होने की चर्चा तो हो रही है लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि बरेली एयरपोर्ट से उड़ान कौन सी कंपनी शुरू कराएगी। अभी तक दो कंपनियों के नाम सामने आ रहे थे लेकिन अब उड़ान शुरू कराने में चार कंपनियों का नाम चर्चा में है। इसमें जेट एयरवेज को भी मौका मिलने की बात कही गयी है।
नागरिक उड्डयन मंत्री मंगलवार देर शाम निजी कार्यक्रम में बरेली पहुंचे थे। बुधवार सुबह उन्होंने मीडिया से कुछ देर बात की। बताया कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों को हवाई मार्ग से जोड़ने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। क्षेत्रीय उड़ान योजना के तहत तैयार बरेली हवाई अड्डे से अगले साल जनवरी तक उड़ाने शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि पिछले साल आर्थिक तंगी से बंद हुई जेट एयरवेज एयरलाइंस को परिचालन करने के लिए मौका दिया जाएगा क्योंकि इस कंपनी ने क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत हवाई सेवाएं शुरू करने के लिए लाइसेंस लिए थे। इस कंपनी में पुनर्निवेश हो रहा है। इसलिए माना जा रहा है कि कंपनी हवाई सेवा क्षेत्र में जल्द काम शुरू करेगी।
बरेली एयरपोर्ट से जेट एयरवेज पहले से ही उड़ान के लिए लाइसेंस ले चुकी है। टर्बो एविएशन और एलाइंस एयरलाइंस भी लाइन में है। इंडिगो के भी संपर्क में आने की बात कही है। मंत्री नंदी ने बताया कि कहा कि केन्द्र सरकार की उड़ान योजना में आम आदमी को भी हवाई यात्रा का आनंद मिलेगा, क्योंकि यह बेहद सस्ती सेवाएं हैं। 25 सौ रुपए तक का ही किराया रखा गया है।
उन्होंने बताया कि कई सिविल एन्क्लेव (हवाई अड्डों) के नामकरण भी किए जाने हैं। इनके प्रस्ताव उत्तर प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को सौंप दिए हैं। नए हवाई अड्डे के नाम भारतीय संस्कृति और वहां की भौगोलिक स्थिति के हिसाब से प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि एलायंस एयरलाइंस ने बरेली दिल्ली उड़ान शुरू करने के लिए सहमति और प्रस्ताव दे दिया है। इसलिए जल्द हवाई सेवा शुरू कराने का पूरा प्रयास हो रहा है। इंडिगो कंपनी ने भी बरेली समेत कई स्थानों पर सेवाएं शुरू करने में रुचि लेना शुरू कर दिया है। बरेली से 72 सीटर एयरक्रॉफ्ट संचालित किया जाएगा।
“उड़ान की तारीख अभी तक नहीं आयी है। नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल नंदी से मंगलवार देर शाम उनकी मुलाकात हुई। उड़ान शुरू कराने के लिये एयरपोर्ट पर की गयीं व्यवस्थाओं से मंत्री को भी अवगत कराया गया। उड़ान कौन सी कंपनी शुरू कराएगी, यह अभी तक तय नहीं है। न ही किसी कंपनी का कोई शेड्यूल आया है और न केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से कोई पत्र आया है। एयरपोर्ट पर उड़ान शुरू कराने के संबंध में उनकी ओर से सभी तैयारियां पूरी हैं।” -राजीव कुलश्रेष्ठ, निदेशक, बरेली एयरपोर्ट
