बदायूं: 'नेता बनने का शौक है तो बनवारी सिंह की चौखट को करना पड़ेगा सलाम'

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दातागंज, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष यादव का पीडीए पंचायत को संबोधित करने के दौरान अजीब बयान सामने आया है। जिसमें वह बोल रहे हैं कि अगर बदायूं में नेता बनने का शौक है तो बनवारी सिंह की चौखट पर सलाम करना पड़ेगा। अगर नहीं करेगा तो वह मजबूर कर देंगे। जिलाध्यक्ष का यह वीडियो सोशल साइट्स पर बहुत वायरल हो रहा है। बयान को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वीडियो दातागंज क्षेत्र की पीडीए पंचायत का बताया जा रहा है। 

सपा सरकार में कद्दावर नेता और मंत्री रहे स्व. बनवारी सिंह यादव सपा मुखिया नेताजी मुलायम सिंह के खास रहे थे। जिसके चलते बनवारी सिंह यादव को मिनी मुख्यमंत्री तक कहा जाता था। बनवारी सिंह यादव के बेटे पूर्व विधायक आशीष यादव समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं। वह पीडीए की एक पंचायत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं तो मंचों पर कह देता हूं। कोई कितना बड़ा नेता ले आओ। बदायूं में अगर उसे नेता बनने का शौक है तो बनवारी सिंह की चौखट को सलाम जरूर करेगा। और नहीं करेगा तो मैं मजबूर करुंगा कि वो करेगा। उसे करना पड़ेगा। क्योंकि मेरी ताकत है। जिलाध्यक्ष का वीडियो वायरल होने के साथ पार्टी के नेताओं में भी खासी चर्चा है। बदायूं में सांसद बाहर से आए नेता ही बने हैं। जिसकी वजह से बयान को लेकर तरह-तरह की बातें चल रही हैं।

संबंधित समाचार