महोबा: विवाद के चलते दंपती ने की सुसाइड, पति ने खाया विषाक्त, तो पत्नी ने उठाया यह आत्मघाती कदम

महोबा। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में रविवार को एक महिला और उसके पति (नव दंपति) ने आत्महत्या कर ली। कुछ ही समय के अंतराल में घटे घटनाक्रम में युवक ने जहाँ अपने घर में सल्फास खाकर मौत को गले लगाया तो पत्नी ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
पुलिस उप अधीक्षक रविकान्त गौड़ ने बताया की गोरहरी निवासी करन प्रजापति की बेटी प्रियंका की शादी तीन साल पहले हमीरपुर जिले के सरीला निवासी केशव प्रजापति से हुयी थी। केशव शराब का लती था जिसके चलते वह अपनी पत्नी से अक्सर झगड़ कर उसके साथ मारपीट करता था।
इसके साथ ही प्रियंका का जेठ भी उसे प्रताड़ित करता था। मारपीट की मिल रही लगातार शिकायतों के बाद करन अपनी बेटी प्रियंका को ससुराल से वापस ले आया था। प्रियंका पिछले कोई एक साल से अपने माता पिता के पास ही रह रही थी। डीएसपी ने बताया की प्रियंका और उसके पति केशव के बीच चल रहे विवाद को समाप्त कराने के लिए नाते रिश्तेदारो द्वारा अनेक बार पंचायत की गयी। लेकिन इसका परिणाम शून्य रहा।
इस खिन्नता के चलते केशव ने शनिवार की शाम को जहरीली पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए झांसी मेडिकल कालेज ले गए लेकिन उसकी मौत हो गयी। करन प्रजापति ने बताया की उक्त घटना के बाद प्रियंका को उसकी ससुराल से आये एक फोन में धमकाये जाने से वह बुरी तरह डर गयी ओर उसने अपने कमरे में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।
डीएसपी ने बताया कि कुछ ही समय में पति पत्नी के ख़ुदकुशी कर लेने की घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों से मामले में विस्तार से जानकारी ली है ओर घटना की जांच पड़ताल कर रही है।