बदायूं : दो निजी नलकूप से हजारों का सामान और ई-रिक्शा चोरी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

लगातार चोरियों के बाद भी घटनाओं का खुलासा नहीं कर पा रही पुलिस

ओरछी, अमृत विचार : फैजगंज बेहटा क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला जारी है। चोर आसानी से घटनाओं को अंजाम देकर भाग जा रहे हैं। पिछले दिनों चोरों ने छह ट्रैक्टर की बैट्रियां चोरी की थी। जिसका पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। जिससे लोगों में दहशत है। अब चोरों ने दो निजी नलकूप से सामान और ई-रिक्शा चोरी कर लिया।

चोरों ने थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सिसरका में किसान के निजी दो नलकूप का ताला तोड़कर हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया। किसान श्याम सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उनके दो निजी नलकूप हैं। रात में चोरों ने ताला तोड़कर उसमें रखी झटका मशीन, प्लास्टिक का 30 किलो पाइप और दूसरे नलकूप से 20 मीटर केबिल चोरी कर ली। रविवार सुबह खेत पर जाने के बाद चोरी की जानकारी हुई। वहीं गांव में घनी बस्ती में रिंकू ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे। उन्होंने शनिवार रात अपना ई-रिक्शा घर के बाहर खड़ा किया था और घर जाकर सो गए थे। रात में चोरों ने उनका ई-रिक्शा चोरी कर लिया। इससे पहले भी चोरों ने गांव खेड़ादास, सिसरका, बझेड़ा, परमानंदपुर से चोरी की थी। क्षेत्र में लगातार चोरी होने के बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर पा रही है। जिसके चलते ग्रामीण जगराता करने को मजबूर हैं। थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जानकारी की जाएगी। जल्द खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार