अयोध्या: बीएड की छात्रा बनी एक दिन की कोतवाल
अयोध्या। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत बीएड की छात्रा निशा तिवारी इनायत नगर थाने की एक दिन की कोतवाल बनीं। उन्होंने थाने पहुंचे क्षेत्रीय फरियादियों की शिकायतें सुनी तथा उनका निस्तारण भी कराया। प्रभारी निरीक्षक विजय सेन सिंह ने थाना क्षेत्र के ही मवई खुर्द …
अयोध्या। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत बीएड की छात्रा निशा तिवारी इनायत नगर थाने की एक दिन की कोतवाल बनीं। उन्होंने थाने पहुंचे क्षेत्रीय फरियादियों की शिकायतें सुनी तथा उनका निस्तारण भी कराया। प्रभारी निरीक्षक विजय सेन सिंह ने थाना क्षेत्र के ही मवई खुर्द निवासी शीतला प्रसाद तिवारी की बेटी निशा तिवारी को एक दिन के लिए थाने के कोतवाल की कुर्सी सौंप दी और छात्रा को हैट लगाया।
छात्रा निशा तिवारी इनायत नगर बाजार स्थित ओम सत्यनाम कोटवा धाम राम रती राम नरेश शिक्षण संस्थान में बी एड प्रथम वर्ष की छात्रा है। थाने में छात्रा निशा तिवारी के कोतवाल बन थाना क्षेत्र के लोगों की शिकायतें सुनने की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक गोरखनाथ बाबा इनायत नगर के व्यापारी नेता अरुण गुप्ता के साथ थाने पहुंचे और उन्होंने कोतवाल बनी छात्रा निशा तिवारी को शाल एवं गमला भेंट कर उसके मनोबल को बढ़ाया।
बृहस्पतिवार को छात्रा निशा तिवारी प्रातः 10 बजे इनायत नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक की कुर्सी पर बैठ गई और क्षेत्रवासी पीड़ितों की फरियाद सुनने लगी। कोतवाल बनी छात्रा के सामने सबसे पहला मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रस्तुत हुआ। जिसमें बारुन चौकी क्षेत्र अंतर्गत कर्म डांडा गांव निवासी एक युवक अपनी मां के साथ अपनी पत्नी के ही विरुद्ध शिकायती प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे थे। पीड़ित मां बेटे की फरियाद सुन कोतवाल निशा तिवारी ने चौकी प्रभारी बारुन को उनके मोबाइल पर फोन कर निर्देश दिया कि तत्काल मौके पर जाएं और विवाद का निस्तारण करें।
इसके अलावा चौकी क्षेत्र के ही देवरिया एवं निमडी गांव निवासी दो युवकों सतीश प्रजापति तथा जितेंद्र कुमार के बीती रात शराब के नशे में अपनी-अपनी बाईक को लावारिस दशा में इनायत नगर व ईंटगांव में छोड़े जाने तथा पुलिस द्वारा लावारिस वाहनों को सीज किए जाने के बाद गाड़ी लेने पहुंचे दोनों लोगों को हवालात में डालकर कड़ी कार्रवाई किए जाने के निर्देश थाने के दीवान संदीप चौरसिया को दिए।
इसके अलावा थाना क्षेत्र से डेढ़ दर्जन फरियादियों ने अपनी अपनी शिकायतें पेश की जिनमें से पुलिस विभाग से संबंधित सभी मामलों का निस्तारण 1 दिन की कोतवाल निशा तिवारी ने करा दिया। इसके अलावा कोतवाल बनी छात्रा ने थाने के मेस, बैरिक तथा अभिलेखों को भी मंगाकर देखा तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सेन सिंह से थाने की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की।
थाने पहुंचे विधायक गोरखनाथ बाबा ने प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान एवं उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार महिलाओं को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृत संकल्पित है।
एक दिन की कोतवाल बनी छात्रा ने बातचीत में कहा कि अभी तक कभी भी थाने नहीं आई थी किंतु आज थाने पहुंचकर इस कुर्सी पर बैठने के बाद मेरा भय पूरी तरह से समाप्त हो गया है और सरकार का महिलाओं के हितार्थ चलाया जा रहा यह महिला सशक्तिकरण रुपी विशेष अभियान निश्चित ही देश की आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने में सफल कारगर साबित होगा। इस मौके पर थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय सेन सिंह वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
