शिया सेंट्रल बोर्ड के पूर्व मुतवल्ली पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज, जानें कैसे लोगों को बना रहे थे बेवकूफ
लखनऊ, अमृत विचार: शिया सेंट्रल बोर्ड के पूर्व मुतवल्ली के खिलाफ शिया धर्मगुरू कल्बे जव्वाद ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि पद से हटने के बाद भी साथी की मदद से कर्बला हजरत अब्बास में कई किराएदारों से रुपये लेकर फर्जी रसीदें थमा दीं। प्रशासक किराया लेने पहुंचे तब धोखाधड़ी की जानकारी हुई। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर ठाकुरगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौक जौहरी मोहल्ला निवासी शिया धर्मगुरु सैयद कल्बे जव्वाद शिया सेंट्रल बोर्ड कर्बला हजरत अब्बास बाग के प्रशासक है। उन्होंने बताया कि हुसैनाबाद सुरैया मंजिल निवासी सैयद सिराज अब्बास बोर्ड के मुतवल्ली के पद पर थे। जनवरी 2022 में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया। जिसके बाद कल्बे जव्वाद 17 फरवरी 2022 को बतौर प्रशासक नियुक्त किया गया था। आरोप है कि पद से हटने के बाद भी आरोपी सैयद सिराज अब्बास ने खुद मुतवल्ली के तौर पर पेश किया। कर्बला हजरत अब्बास में कई किराएदार रहते हैं। जिनसे वार्षिक किराया लिया जाता है। वर्ष 2022 से 2023 और 2024 से 2025 का किराया जमा नहीं हुआ।
कुछ वक्त पूर्व धर्मगुरू ने किराएदारों से किराया देने को कहा। पता चला कि पूर्व मुतवल्ली सैयद सिराज अब्बास ने साथी जिया बाकरी के साथ मिल कर किराएदारों से रुपये लिए थे। किराएदार मिर्जा शाहबाज हसन, जैन हसन, परवीन अख्तर, अतुल खन्ना, रईस सिद्दीकी, राजा, अकबर अली और रेहान अब्बास से करीब 63,500 रुपये वसूल कर किराएदारों को फर्जी रसीदें भी दी गई थी। इसके साथ ही लाखों रुपये के बिजली का बिल भी जमा नहीं किया। आरोप है कि आरोपी ने कर्बला अब्बास बाग में कब्रों की फर्जी रसीद काटकर जमीन पर नेम प्लेट लगाकर कब्जा कर लिया।
यह जानकारी होने पर धर्मगुरू ने डीसीपी पश्चिम से मुलाकात कर शिकायत की। शुरुआती जांच में आरोप सही मिलने पर ठाकुरगंज पुलिस ने पूर्व मुतवल्ली सैयद सिराज और उसके साथी जिया बाकरी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह भी पढ़ेः मॉडल चाय वाली से मारपीट के मामले में दरोगा-सिपाही लाइन हाजिर, वीडियाे वायरल होने के बाद DCP ने लिया एक्शन
