हादसे को लेकर अत्यंत व्यथित हूं, अहमदाबाद प्लेन क्रैश को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताई संवेदना

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना को हृदयविदारक आपदा बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए एक पोस्ट में कहा कि वह इस दुखद विमान दुर्घटना के बारे में जानकर बहुत व्यथित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह हृदयविदारक आपदा है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।’’
https://twitter.com/rashtrapatibhvn/status/1933114590185025625
लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त, 242 लोग थे सवार
लंदन जा रहा एअर इंडिया का एक विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यहां एक आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे। हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए उड़ान भरने वाले विमान में सवार यात्रियों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता विजय रुपाणी भी थे। विमान बृहस्पतिवार दोपहर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट मेघाणी नगर में शहर के सिविल अस्पताल और बीजे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक बयान के अनुसार, ‘‘विमान ने अहमदाबाद से अपराह्न 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी। इसने एटीसी (हवाई यातायात नियंत्रण) को ‘मेडे’ (आपातकालीन संदेश देने के लिए) कॉल किया, लेकिन उसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल का विमान से कोई जवाब नहीं मिला।’’
दुर्घटनास्थल के वीडियो में झुलसे हुए शवों को बाहर निकाले जाते तथा घायलों को, जिनमें से कई झुलसे हुए थे, नजदीक स्थित शहर के सिविल अस्पताल में ले जाते देखा जा सकता है। दुर्घटना में मारे गए या घायल हुए लोगों का कोई आधिकारिक अनुमान नहीं लगाया जा सका है। यह 2020 के बाद से भारत की दूसरी सबसे बड़ी विमान दुर्घटना है, जब एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान केरल के कोझीकोड में उतरते समय गीले रनवे से फिसल गया और उसके दो टुकड़े हो गये थे। विमान में सवार 190 लोगों में से दो पायलट सहित 21 लोगों की जान चली गई थी। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (एआई171) को उड़ान भरने के तुरंत बाद एकदम तेजी से नीचे आते देखा गया और यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।