Bareilly: लड़की ने चप्पल दिखाई तो परिवार परामर्श केंद्र बना अखाड़ा...खूब चले लात घूंसे ! देखिए वीडियो
बरेली, अमृत विचार। पुलिस लाइन में मौजूद परिवार परामर्श केंद्र शनिवार को अखाड़े में तब्दील हो गया। बताया जा रहा है कि लड़का और लड़की ने अलग रहने पर रजामंदी बना ली थी। मगर बात उस वक्त बिगड़ी जब लड़की ने लड़के को चप्पल दिखाई। इतने पर भी मन नहीं भरा तो उसको थप्पड़ जड़ दिया। फिर क्या था देखते ही देखते दोनों पक्षों में लात घूंसे चलने लगे। पूरे मामले से जुड़ा वीडियो अब वायरल हो रहा है।
दरअसल नवाबगंज के रहने वाले युवक का निकाह 1.5 साल पहले क्षेत्र के ही एक गांव की रहने वाली युवती से हुआ था। मगर शादी के बाद लड़का पक्ष ने लड़की के चरित्र पर सवाल खड़े किए। दूसरे लड़कों से भी उसके संबंध होने के आरोप लगाए। दूसरी तरफ लड़की भी शादी के बाद लड़के के साथ रहने को राजी नहीं थी। लिहाजा परामर्श केंद्र में मामला पहुंचा तो दोनों पक्षों ने अलग होने पर सहमति जताई। लिखा-पढ़ी के बाद शादी में दिया गया सामान भी वापस दे दिया गया। दूसरी तारीख पर लड़का पक्ष अपने साथ दो वैन भरकर करीब 30 गांव वाले व रिश्तेदार लाए तो वहीं लड़की पक्ष से केवल 4 लोग पहुंचे। गांव के प्रधान के सामने लड़की का बचा हुआ सामान भी लड़के वालों ने दे दिया।
मामला निपट ही चुका था कि शनिवार को परामर्श केंद्र में ही लड़की ने लड़के को चप्पल दिखाना शुरू कर दिया। पुलिस कर्मियों ने समझा बुझाकर जैसे-तैसे बाहर भेजा तो कहा सुनी और बढ़ गयी और लड़की ने लड़के को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए, जिसमें लड़का लहूलुहान भी हो गया। वहीं परामर्श केंद्र के पुलिस कर्मियों ने जैसे तैसे दोनों पक्षों को घर भेजा था।
