शाहजहांपुर: भतीजे ने साथी के साथ चाचा को चाकू से गोदकर मार डाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। धर्मपुर पिडरिया गांव में गाली देने का विरोध करने पर रिश्ते के भतीजे ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चाचा को चाकू से गोद दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे की तलाश जारी है। सीओ जलालाबाद ने मौका मुआयना किया।

कांट थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर पडरिया निवासी 72 वर्षीय कल्याण सिंह उर्फ कल्लू की शादी नहीं हुई थी। वह परिवार के अन्य लोगों के पड़ोस में रहते थे। उनके रिश्ते का भतीजा जयवीर शराब का आदि है और गांव में आए दिन हंगामा करता था। शुक्रवार की रात साढ़े 10 बजे जयवीर अपने साथी विजेंद्र के साथ दूर के रिश्ते में चाचा कल्याण के दरवाजे पर गया और गाली देने लगा। उन्होंने दरवाजे पर खड़े होकर गाली देने से मना करते हुए दोनों से घर जाने को कहा। इस दौरान जयवीर फिर गाली देने लगा और विरोध करने पर जयवीर ने रिश्ते में चाचा कल्याण के सीने पर चाकू से प्रहार कर दिया, शोर-शराबा होने पर घायल कल्याण का सगा भतीजा वंशपाल सिंह घर के बाहर आ गया। इसी बीच दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर खेत की तरफ भाग गए। 

वंशपाल रात में ही घायल चाचा को लेकर सीएचसी पहुंचा, लेकिन डाक्टर ने कल्याण को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सीओ जलालाबाद अजय राय ने देर रात घटना का स्थल का मौका मुआयना किया। मृतक के सगे भतीजे वंशपाल ने बताया कि जयवीर आए दिन उसके चाचा को गाली देता था और मारपीट करता था। उनका आरोप है कि गाली का विरोध करने पर आरोपी जयवीर और विजेंद्र ने कल्याण की चाकू से प्रहार करके हत्या कर दी है। उन्होंने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी जयवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ कर रही है।

पहले कार्रवाई होती तो नहीं होती घटना
मृतक कल्याण के सगे भतीजे वंशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी जयवीर का शराब पीकर गांव में आए दिन लोगों को मारता पीटता था और गांव वाले उससे काफी परेशान थे। जयवीर ने कल्याण को कई बार मारा पीटा था। कई बार डायल 112 से उसकी शिकायत की गयी। डायल 112 के सिपाही आकर जयवीर को समझाकर चले जाते थे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि थाना पर कोई शिकायत नहीं की गयी थी।

धर्मपुर पडरिया में आरोपी जयवीर और विजेंद्र ने कल्याण सिंह की चाकू से प्रहार करके हत्या कर दी है। दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और दूसरे की तलाश की जा रही है।
भवरे दीक्षा अरुण, एएसपी ग्रामीण

 

संबंधित समाचार