मलेरिया : मंडल में मच्छरों का आतंक, पीलीभीत में सबसे ज्यादा
मलेरिया के मामलों में बरेली दूसरे और शाहजहांपुर तीसरे स्थान पर
अंकित चौहान, बरेली। मंडल में मच्छरों का आतंक है। मलेरिया के मामलों में पीलीभीत पहले, बरेली दूसरे और शाहजहांपुर जिला तीसरे स्थान पर है। पहले बदायूं बेहद संवेदनशील था। आंकड़ों के अनुसार पिछले पांच महीने में चारों जिलों में कुल 966 मलेरिया के मरीज सामने आ चुके हैं। दो जिलों में डेंगू ने भी दस्तक दे दी है।
एडी हेल्थ कार्यालय से मिल रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में जनवरी से अब तक पीलीभीत में 329, बदायूं में 200, बरेली में 311 और शाहजहांपुर जिले में 224 मलेरिया रोगी सामने आए हैं। सभी जिलों में रोजाना पांच से सात लोगों में मलेरिया की पुष्टि हो रही है। इनमें मलेरिया प्लाज्मोडियम वाइवैक्स के मरीजों का आंकड़ा 90 फीसदी तक है।
बीते वर्षों की स्थिति
वर्ष - बरेली - बदायूं - पीलीभीत - शाहजहांपुर
2022 - 1806 - 1373 - 42 - 518
2023 - 3490 - 3224 - 563 - 617
2024 - 2817 - 3610 - 414 - 845
दो जिलों में डेंगू की भी दस्तक
बीते वर्षों में डेंगू का प्रकोप जुलाई अंत तक जारी होता था, लेकिन इस बार समय से पहले ही डेंगू ने भी मंडल के दो जिलों में दस्तक दे दी है। रिपोर्ट के अनुसार बरेली में अब तक तीन और शाहजहांपुर में दो लोगों में जानलेवा डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। बदायूं और पीलीभीत में डेंगू का कोई मरीज अभी सामने नहीं आया है।
मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. अखिलेश्वर सिंह ने बताया कि बीते सालों की तुलना में जांचों की संख्या बढ़ी है। बावजूद मरीजों की संख्या लगातार कम हो रही है। सर्वे के दौरान भी टीमों की ओर से दिए गए जा रहे फीडबैक के अनुसार लोगों में मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ने की बात भी सामने आई है, जो अच्छा संकेत हैं।
