लखीमपुर खीरी : पतरासी में पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पोते को बंदूक से गोली मारी, घायल

लखीमपुर खीरी : पतरासी में पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पोते को बंदूक से गोली मारी, घायल

नाली में पाइप डालने को लेकर हुआ विवाद, घायल की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार : थाना शारदानगर के गांव पतरासी में बन रही नाली में पाइप डालने को लेकर गांव के ही दो रसूखदार परिवार आमने-सामने आ गए और उनमें विवाद होने लगा। बात इतनी बढ़ गई नौबत हाथापाई की आ गई। इसी बीच एक पक्ष का प्रज्ञानंद वर्मा अपनी छत पर चढ़ गया और अपने भाई संदीप वर्मा की डबल बैरक लाइसेंसी बंदूक से पूर्व ब्लाक प्रमुख के पोते को गोली मार दी। गोली पैर में लगने से वह घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बंदूक कब्जे में लेकर आरोपी प्रज्ञानंद और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। 

गांव पतरासी निवासी प्रज्ञानंद वर्मा और पूर्व ब्लाक प्रमुख हरिवंश लाल वर्मा के मकान आमने सामने है। गुरुवार की सुबह मार्ग किनारे बन रही नाली में  संदीप पाइप डाल रहे थे। पड़ोसी विमलेश वर्मा और उनके घर वालो ने इस पर आपत्ति जताई। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इस दौरान उनमें हाथापाई होने लगी। आरोप है कि इसी बीच विमलेश के भाई ने ट्रैक्टर से संदीप के घर की दीवार में टक्कर मार दी और उसे घेर लिया। विरोध में संदीप का भाई प्रज्ञानंद छत पर चढ़ गया और अपने भाई की डबल बैरक लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली पूर्व ब्लाक प्रमुख हरिवंश लाल वर्मा के पोते मोहित वर्मा पुत्र राजेश के पैर में जा घुसी, जिससे वह घायल हो गया। गोली चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह से स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायल मोहित वर्मा को जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने फायरिंग करने के आरोपी प्रज्ञानंद और उसके भाई प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बंदूक भी बरामद कर कब्जे में ली है।प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पाइप डालने के विवाद में घटना हुई है। एक युवक गोली लगने से घायल हुआ है। दोनों पक्षों में राजनीतिक और जमीनी रंजिश चल रही है।

यह भी पढ़ें:- शाहजहांपुर : बाशिंदों को क्लब देने का वादा किया अब मुकर रहे कालोनाइजर