बदायूं: दिन भर उमस के बाद हुई झमाझम बारिश...लोगों को गर्मी से मिली राहत
बदायूं, अमृत विचार। गुरुवार को दिन भर की उमस के बाद शाम को आधे घंटे हुई झमाझम बारिश से गर्मी से राहत मिल गई। बारिश के कई इलाकों में पानी जमा हो गया। इस वजह से लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कृषि विभाग मूसलाधार बारिश होने की लगातार चेतावनी जारी कर रहा है। शुक्रवार को तेज बारिश होने की संभावना जताई है।
दो पहले हुई मानसून की पहली बारिश के बाद लोगों को आगामी दिनों में भी मौसम ऐसा ही बने रहने की उम्मीद थी, लेकिन उसके बाद से बादलों वाली धूप खिल रही है। गुरुवार को दोपहर में कुछ देर के लिए आसमान पर बादल तो छाए, लेकिन बिना बरसे ही निकल गए। धूप खिलने के बाद उमस और बढ़ गई। लोग पसीना पसीना होने लगे। वहीं मौसम में आए परिवर्तन के बाद से लोग संक्रमण रोग से ग्रस्त हो रहे हैं। उल्टी-दस्त और बुखार के मरीजों की सरकारी और निजी अस्पतालों में भीड़ बढ़ गई है। जिला अस्पताल में डायरिया व बुखार से पीड़ित 500 से अधिक मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं।
इनमें बच्चों की संख्या अधिक है। दिन भर उमस के बाद शाम को तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई। बारिश शाम साढ़े छह बजे शुरू हुई और आधे घंटे तक होती रही। बारिश के बाद गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिली है। कृषि विभाग के अधिकारियों की मानें तो शुक्रवार को तेज बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
