रैगिंग: बरेली कॉलेज बना छावनी, छात्रों पर रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में विधि विभाग में एलएलबी के छात्र के साथ रैगिंग होने और मामले को साम्प्रदायिक रूप देने के प्रयास को लेकर कॉलेज और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना हो गया है। शुक्रवार सुबह कॉलेज में भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई। कॉलेज प्राचार्य डा. अनुराग मोहन और …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में विधि विभाग में एलएलबी के छात्र के साथ रैगिंग होने और मामले को साम्प्रदायिक रूप देने के प्रयास को लेकर कॉलेज और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना हो गया है। शुक्रवार सुबह कॉलेज में भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई।
कॉलेज प्राचार्य डा. अनुराग मोहन और चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड, चौकी इंचार्ज और पीएसी के साथ कॉलेज परिसर में भ्रमण किया। चीफ प्रॉक्टर ने कक्षाओं से बिना वजह बाहर घूम रहे विद्याथिर्यों को कक्षाओं में जाने के निर्देश दिए।
बारादरी पुलिस ने पीड़ित छात्र की तहरीर पर आरोपी सीनियर छात्र राशिद मेवाती व 10-12 अज्ञात छात्रों के खिलाफ बलवा, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच एंटी रैगिंग कमेटी को दी गई है। कमेटी सात दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बरेली कॉलेज में गुरुवार दोपहर को एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की कक्षा में सीनियर छात्र राशिद मेवाती व अन्य पहुंचे थे और परिचय के नाम पर रैगिंग शुरू कर दी थी। जूनियर छात्र वंश चतुर्वेदी ने रैगिंग का विरोध करते हुए सीनियर का नाम पूछा तो सीनियर छात्रों ने हंगामा कर दिया।
इसके बाद छात्र के साथ मारपीट और गाली-गलौच की थी। सीनियर ने धर्म विशेष को लेकर भी टिप्पणी की थी। इसके बाद छात्र ने प्राचार्य व चीफ प्रॉक्टर से शिकायत की। छात्र ने दो शिकायतें लिखकर दीं जिनमें से एक पर कवरिंग लेटर लगाते हुए प्राचार्य ने बारादरी थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के लिए भेजा था। बारादरी इंस्पेक्टर ने चौकी इंचार्ज को मामले की जांच सौंप दी।
शुक्रवार को राशिद मेवाती व 10-12 अज्ञात छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी। दूसरी शिकायत में कुछ अन्य छात्रों के भी नाम थे लेकिन इनके नाम एंटी रैगिंग कमेटी जांच के बाद शामिल करेगी। कॉलेज में रैगिंग और दूसरे गुट के विरोध की चेतावनी के चलते कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को मामले की सूचना दी थी। कॉलेज में पहले भी कई तरह के हंगामे हो चुके हैं।
इधर, जब प्राचार्य व चीफ प्रॉक्टर फोर्स के साथ कॉलेज में भ्रमण कर रहे थे तब विद्यार्थी कक्षाओं के बाहर घूम रहे थे। कई विद्यार्थी मैदान में बैठकर आराम कर रहे थे। इस पर चीफ प्रॉक्टर ने नाराजगी जताई। सभी को कक्षाओं में जाने को कहा। इस दौरान एक शिक्षिका ने कॉलेज में पुलिस के घूमने पर नाराजगी जतायी। इसके बाद पीएसी को विधि विभाग के बाहर और बैरियर पर तैनात कर दिया गया।
चीफ प्रॉक्टर से उलझे विद्यार्थी
अधिकारियों के भ्रमण के दौरान विधि विभाग के कुछ विद्यार्थी प्राचार्य दफ्तर के बाहर खड़े थे। चीफ प्रॉक्टर ने उन्हें भी अपनी कक्षा में जाने के लिए कहा तो छात्र विरोध करने लगे। बोले कि शिक्षक कक्षा में है ही नहीं। सिर्फ जूनियर की कक्षाएं चल रही हैं, सीनियर्स की कक्षाएं नहीं लग रही हैं जबकि 12 दिसंबर से परीक्षाएं होने वाली हैं। चीफ प्रॉक्टर ने सभी को अपने विभाग में जाने को कहा। इस दौरान एक छात्र चीफ प्रॉक्टर से आईडी कार्ड पूछने पर उलझ गया। इसके बाद प्राचार्य ने उनकी कक्षा लेने को एक शिक्षक भेज दिया लेकिन छात्र साफ-सफाई समेत कई बहाने बनाने लगे। उसके बाद प्राचार्य व चीफ प्रॉक्टर लॉ विभाग में पहुंचे। यहां शिक्षकों के सामने भी विद्यार्थी उलझने लगे।
एबीवीपी ने फोर्स को लेकर जताया विरोध
बरेली कॉलेज में रैगिंग को लेकर एबीवीपी के कार्यकर्ता प्रदर्शन की तैयारी में थे लेकिन कॉलेज में फोर्स तैनात होने की वजह से वे विरोध नहीं कर सके। यही नहीं, फोर्स तैनात होने का कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। शुक्रवार को महानगर मंत्री हर्ष अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई व रैगिंग के उच्च दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कालेज का वातावरण पठन-पाठन योग्य बनाकर रखने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने तीन घंटे तक हंगामा करने की बात कही।
कॉलेज में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
कॉलेज में रैगिंग की घटना के बाद पुलिस ने कॉलेज प्रशासन से सीसीटीवी कैमरे लगवाने की बात कही है। इस पर प्राचार्य ने चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा को जल्द से जल्द प्रपोजल तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। कॉलेज में प्रमुख द्वार, पार्किंग, बैरियर, प्राचार्य दफ्तर के अलावा सभी विभागों व कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कहां-कहां कैमरे लगने हैं, इसकी भी रिपोर्ट जल्द दी जाएगी।
“एंटी रैगिंग कमेटी मामले की जांच कर रही है। कमेटी 7 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा को लेकर फोर्स तैनात की गई है।” -डा. अनुराग मोहन, प्राचार्य बरेली कॉलेज
“बरेली कॉलेज में छात्र से मारपीट के मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी।” -शितांशु शर्मा, थाना प्रभारी बारादरी
