बरेली: अनियंत्रित गति से दौड़ रहे वाहन, बीटीसी छात्र समेत चार की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में बीटीसी छात्र और महिला समेत चार लोगों की जान चली गयी। सभी लोग वाहनों की टक्कर में घायल हुए और इलाज के दौरान दम तोड़ा। इनमें तीन हादसों में अनियंत्रित गति से दौड़ रहे वाहन काल बने हैं। अब पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। …

बरेली,अमृत विचार। अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में बीटीसी छात्र और महिला समेत चार लोगों की जान चली गयी। सभी लोग वाहनों की टक्कर में घायल हुए और इलाज के दौरान दम तोड़ा। इनमें तीन हादसों में अनियंत्रित गति से दौड़ रहे वाहन काल बने हैं। अब पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। पैदल जा रहे लोगों को वाहन टक्कर मारकर घायल कर रहे हैं। हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिये पिछले कुछ माह से तमाम जागरूकता अभियान चलाये गये लेकिन उसका असर वाहन चालकों पर बिल्कुल भी नहीं हुआ है।

घर के बाहर टहल रहे बीटीसी छात्र को बाइक ने रौंदा
भुता के रहने वाले कन्हई लाल का 22 साल का बेटा प्रशांत गंगवार आगरा से बीटीसी की पढ़ाई कर रहा है। गुरुवार को वह खाना खाकर घर के बाहर टहल रहा था। इसी बीच एक तेज रफ्तार बाइक उसे टक्कर मारते हुए निकल गई। बाइक की टक्कर से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रशांत परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से सभी सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है।

सड़क किनारे खड़ी महिला को बाइक ने मारी टक्कर, मौत
भमोरा थाना क्षेत्र के मजारा गांव निवासी 56 वर्षीय रामसन्हई पत्नी राजपाल अपनी भांजी की शादी के लिए देवचरा की बाजार में खरीदारी करने आई थी। इसी बीच वह सड़क के किनारे खड़ी थी। तभी अचानक बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला और बाइक सवार दोनों घायल हो गए। उन्हें बदायूं रोड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

ऊधमसिंह नगर के युवक ने बहेड़ी के अस्पताल में दम तोड़ा
उत्तराखंड के जनपद ऊधमसिंह नगर में सड़क हादसे में घायल हुए युवक की बहेड़ी के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। पुलभट्टा थाना क्षेत्र के बरी बहरा गांव निवासी सकावत अली पुत्र बुन्दा शाह अपने पिता के लिए खाना लेकर कोल्हू पर जा रहे थे। इसी बीच अचानक गांव के पास तेज रफ्तार कार उन्हें टक्कर मारकर चली गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर परिजन बहेड़ी के एक निजी अस्पताल ले आये। जहां देर रात उपचार के दौरान सकावत की मौत हो गई।

पैदल जा रहे युवक को बाइक ने मारी टक्कर, मौत
सड़क पर पैदल जा रहे एक युवक को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोगों ने उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने दम तोड़ दिया। बहेड़ी थाना क्षेत्र के राजुपरा गांव निवासी 45 वर्षीय करन सिंह पुत्र केदार सिंह किसी काम से पैदल बाजार तक जा रहे थे। इसी बीच एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। करन सिंह के 6 बच्चे हैं। उसकी पत्नी कमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

संबंधित समाचार