संभल: कैंसर पीड़ित की पत्नी से शिक्षामित्र ने हड़पी बीमा क्लेम की रकम...FIR
संभल, अमृत विचार। कैला देवी थाना क्षेत्र में शिक्षा मित्र ने कैंसर पीड़ित की पत्नी को बीमा क्लेम दिलाने का झांसा देकर ठगी कर ली। पति की मौत हुई तो महिला को एक भी पैसा बीमा क्लेम का नहीं दिया। इस मामले में शिक्षा मित्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सौंधन मोहम्मदपुर गांव निवासी साबरी पत्नी शरीफ का कहना है कि उसका पति कैंसर से पीड़ित था। शिक्षामित्र जाकिर हुसैन उसके घर आया था और पति का बीमा करने की बात कही। जाकिर ने कहा कि पति की मौत निश्चित है। पति का बीमा करा लो। महिला उसकी बातों में आ गई और बीमा करा दिया। वह महिला को मुरादाबाद ले गया। वहां बैंक में खाता खुलवाया और कई बार मुरादाबाद के चक्कर लगवाए।
14 मई को पति की मौत हो गई। जाकिर घर पहुंचा और खाते में पैसे आने की बात कही। कहा कि पैसे आधे-आधे होंगे। उसने महिला के बैंक खाते पर एटीएम भी जारी करा लिया जिसमें अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराया। बाद में खाते पैसे नहीं आने की बात कही। महिला ने जानकारी लेनी चाही तो जेल भिजवाने की धमकी दी। महिला ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने जाकिर हुसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
