लखनऊ में दो गुटों में वर्चस्व की लड़ाई : फायरिंग कर फैलाई दहशत, दो आरोपित गिरफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार: चिनहट के मल्हौर पुरवा गांव में रविवार देर रात दो गुटों में वर्चस्व के लिए भिड़ंत हो गई। दोनों तरफ से असलहे निकले और हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाई गई। इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक स्कूटी मौके से बरामद की। इसके बाद देर रात को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मल्हौर पुरवा गांव में रविवार रात करीब 9.30 बजे स्कूटी सवार और बिना नंबर की काले रंग की स्कार्पियो सवार लड़के एक दूसरे पर फायरिंग कर रहे थे। जिसकी सूचना इलाके के लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ लड़के कहासुनी के बाद फायरिंग करने लगे। भीड़ जुटने पर स्कूटी सवार लड़के स्कूटी छोड़कर फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को एक खोखा व एक कारतूस मिला। मौके पर स्कूटी यूपी32 एमवाइ 4291 मिली। जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच में स्कूटी सवार लड़कों की पहचान मानस मिश्रा, अनुराग और युवराज सिंह के रूप में हुई। जबकि स्कार्पियो सवार की पहचान शेखर कौशल और अमितेश यादव के रूप में हुई। सभी आपराधिक किस्म के व्यक्ति है, जो आपसी रंजिश को लेकर आपस मे भिड़ गए। दहशत फैलाने के लिए इलाके में अवैध हथियार से जमकर फायरिंग की हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की बात सामने नहीं आई है।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक स्कार्पियो सवार शेखर और अमितेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में इस्तेमाल स्कार्पियो बरामद की है। फरार आरोपित मानस मिश्रा, युवराज व अनुराग की तलाश में दबिश दी जा रही है। मानस मिश्रा चिनहट में पूर्व में हुई गोली बारी की घटना में वांछित है, अन्य लोगों पर भी गंभीर धाराओं में मामले दर्ज है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ : आर्थिक तंगी और कर्ज में डूबे कई परिवार पहले भी लगा चुके है मौत को गले
