शाहजहांपुर: सहारू गांव में बाघ ने पालतू कुत्ते को बनाया निवाला...अवशेष मिलने से हड़कंप
खुटार, अमृत विचार। सहारू गांव में घर के बाहर बैठे पालतू कुत्ते को बाघ ने हमला कर निवाला बना लिया और 200 मीटर दूर घसीटते हुए ले गया। घर के सदस्यों ने कुत्ते की खोजबीन शुरू की तो कुत्ते के कुछ अवशेष खड़ंजे पर बरामद हुए और शव गायब था। जांच वन विभाग की टीम ने पगमार्क तेदुएं के ट्रेस होने की बात कही, जबकि ग्रामीण बाघ के होने का दावा कर रहे है। हालांकि, ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
यह घटना सोमवार रात करीब 11:45 बजे की है। खुटार के गांव सहारू में रहने वाले तेज कुमार वर्मा ने अपने घर में देशी कुत्ता पाल रखा था। तेज कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार रात को परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सोने चले गए थे। उनके भाई वीरेंद्र वर्मा, रूपेंद्र वर्मा घर के बाहर सो रहे थे और कुत्ता वहीं पर बैठा था, जबकि वीरेंद्र वर्मा का पोता लकी उर्फ उत्कर्ष घर में पढ़ाई कर रहा था। रात तकरीबन 11:45 बजे खेत की ओर से बाघ आया और कुत्ते पर हमला कर दिया। दोनों में टकराव होने पर पोते लकी को आवाज सुनाई दी तो घर के बाहर दौड़ कर पहुंच गया।
जहां बाघ उनके पालतू कुत्ते को गांव के पूर्व दिशा में खेत की तरफ लेकर चला गया। बाद में लकी ने सभी घर के सदस्यों को जगाया और कुत्ते की तलाश शुरू की। लेकिन बाघ के हमले के चलते कोई डर के कारण खेतों में ढूढ़ने नहीं जा सके। मंगलवार सुबह तेज कुमार वर्मा अपने परिवार और गांव के लोगों के साथ समूह बनाकर कुत्ते की तलाश की। जहां पूर्व प्रधान सतेंद्र कुमार के बाग के पास खड़ंजे पर कुत्ते के कुछ अवशेष मिले। सूचना मिलते ही वन विभाग टीम में वन दरोगा राघव मिश्रा अन्य वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच कर जांच की। जांच में तेदुएं होने की पुष्टि हुई है। ऐसा दावा किया जा रहा है। लोगों ने बताया कि सोमवार रात को बाघ आबादी के बीच आ गया और कुत्ते को उठा ले गया। इससे गांव में दहशत फैली हुई है।
