बागपत: जन्मदिन की पार्टी कर लौट रहे तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत, एक गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागपत। हरियाणा में सोनीपत के मुरथल से जन्मदिन की पार्टी करके लौट रहे उत्तर प्रदेश में बागपत के तीन युवकों की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हरियाणा पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बागपत के बिनौली निवासी प्रिंस, आदित्य, विशाल व सिरसली निवासी सचिन आपस में दोस्त थे। गुरुवार को प्रिंस का जन्मदिन था। चारों दोस्त अपनी कार से गुरुवार रात को जन्मदिन पार्टी करने हरियाणा में मुरथल के एक होटल में गए थे।

गुरुवार देर रात घर वापस लौटते समय उनकी कार बहालगढ़ के निकट दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर अनियंत्रित होकर फ्लाइओवर पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। उसके बाद गाड़ी में आग लग गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने बड़ी मशक्क़त के बाद युवकों को कार से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे।

इस हादसे में बिनौली के प्रिंस धामा (27), आदित्य धामा (24) और सिरसली के सचिन तोमर (22) की मौत हो गयी, जबकि बिनौली निवासी विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में हालत चिन्ताजनक बताई गयी हैं। तीन युवकों की एक साथ मौत हो जाने से बिनौली व सिरसली दोनों गांव में मातम छाया हुआ हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद तीनों युवकों के शवों को शुक्रवार शाम तक गांव में लाया जाएगा। उसके बाद ही अंत्येष्टि की जाएगी।

संबंधित समाचार