बदायूं : घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग की धारदार हथियार से वार करके हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

गुरुवार रात लगभग 10 बजे बिल्सी क्षेत्र के गांव शहजादनगर में घर के बाहर सोते समय की गई हत्या

बिल्सी, अमृत विचार। कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर चारपाई पर सोते समय बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। हत्यारोपी ने उनपर धारदार हथियार से हमला करके घटना को अंजाम दिया। गांव में आई बारात से लौटे मृतक के बेटे ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। ग्रामीणों से घटना के बारे में पूछताछ की। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मचा है। गांव में बारात की चहल पहल होने के बाद भी हत्या होने से इस बात का अंदाज लगाया जा रहा है कि हत्यारोपी को कोई खास होगा।

बिल्सी क्षेत्र के गांव शहजादनगर निवासी रामपाल शर्मा (70) पुत्र गंगादीन खेतीबाड़ी करते थे। उनके चार बेटे बृजेश शर्मा, मुनेंद्र, प्रवेंद्र और विकास शर्मा हैं। वह गुरुवार रात अपने घर के बाहर चारपाई पर सोए थे। रात लगभग 10 बजे किसी ने सोते समय उनके सिर पर धारदार हथियार से वार करके हत्या कर दी और आसानी से फरार हो गए। रात में उनके बेटे बृजेश शर्मा घर पर पहुंचे तो उन्होंने पिता का खून से लथपथ शव देखा तो उनकी चीख निकल पड़ी। आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने बिल्सी पुलिस को सूचना दी। कुछ समय के बाद बिल्सी कोतवाली मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव चारपाई पड़ा था और नीचे खून बह रहा था। उनकी चप्पलें भी पड़ी थीं।

बृजेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात गांव में बारात आई थी। गांव के ज्यादातर लोग बारात दिखने के लिए गए थे। वह भी शादी समारोह स्थल पर थे। रात लगभग 10 बजे वापस घर लौटे तो उनके पिता का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा था। उन्होंने अन्य परिजनों को सूचना दी। परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने बताया कि रामपाल की किसी से दुश्मनी भी नहीं थी फिर किसी ने उन्हें क्यों मारा होगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने किसी रंजिश, लूटपाट या अन्य आशंका को लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बिल्सी कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग की हत्या की गई थी। पड़ताल शुरू की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा करके हत्यारोपी को जेल भेजा जाएगा।

ये भी पढ़ें - बदायूं : अमर ज्योति कंपनी के निदेशकों को जेल भेजकर, उनकी संपत्तियां सीज की जाएं-मुख्यमंत्री 

संबंधित समाचार