थाने के सामने सर्राफा व्यापारी ने खुद पर डाला डीजल... आत्मदाह की कोशिश, हरदोई पुलिस की तत्परता से टला हादसा  

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बुधवार दोपहर शाहाबाद कोतवाली के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कस्बा शाहाबाद के मोहल्ला चौक निवासी सर्राफा व्यापारी सुनील रस्तोगी उर्फ सोनी (40) ने पुलिस द्वारा समय से कार्यवाही न किए जाने से क्षुब्ध होकर अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। 

मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत हिरासत में ले लिया, जिससे कोई भी अप्रिय घटना नहीं हो सकी। इस दौरान उसके शरीर का कोई भी हिस्सा आग की चपेट में नहीं आया। जानकारी के अनुसार सुनील रस्तोगी की सरस्वती ज्वेलर्स नामक दुकान सर्राफा मार्केट, मोहल्ला चौक में स्थित है। 

बीते 15 दिसंबर को शाम करीब छ: बजे दुकान की चाबी व गिरवी रखा सोना-चांदी (कथित मूल्य लगभग दो लाख रुपये) एक बैग में रखकर उसका नौकर अमर सिंह उर्फ हनुमान शरण (30), निवासी नगला लोथू थाना शाहाबाद, साइकिल से दुकान से व्यापारी के घर ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बैग गिर जाने की बात सामने आई। 

इस मामले में पुलिस ने सोमवार को ही नौकर को हिरासत में ले लिया था, लेकिन दो दिनों तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं होने से सर्राफा व्यापारी मानसिक रूप से काफी परेशान था। इसी नाराजगी के चलते उसने कोतवाली के सामने आत्मदाह जैसा गंभीर कदम उठाया। 

घटना के बाद कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और व्यापारी की पत्नी की तहरीर के आधार पर नौकर के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया है कि सर्राफा व्यापारी सुनील रस्तोगी और उसका नौकर दोनों थाना पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। 

ये भी पढ़े : 
टैक्स फ्री हो काशी के मठों-मंदिर... नगर निगम के फैसले पर साधु-संतों ने की मांग

संबंधित समाचार