अमरोहा: मिलावटी पनीर बनाने की पकड़ी फैक्ट्री, संचालक समेत तीन का चालान
गजरौला, अमृत विचार। खाद्य विभाग और पुलिस टीम ने शुक्रवार को सूचना मिलने पर संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मिलावटी पनीर बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में मौके पर पनीर, दूध और रिफाइंड बरामद हुआ है। टीम ने नमूने लेने के बाद सामान को नष्ट करा दिया है। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक समेत तीन का चालान किया है। छापेमारी से व्यापारियों में खलबली है। शहर की कई दुकानें बंद कर दी गईं।
खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त विनय कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने शहर के फाजलपुर फाटक के निकट पनीर फैक्ट्री पर छापेमारी की। टीम को देखकर फैक्ट्री में काम करने वाले कारीगर मौके से फरार हो गए। टीम ने माैके से 50 किलो पनीर, 12 किलो रिफाइंड, 12 किलो पाउडर व पांच क्विंटल दूध बरामद किया है। टीम ने सभी वस्तुओं के नमूने लिए। इसके बाद नाले में नष्ट करा दिया है। सहायक आयुक्त ने बताया कि फैक्ट्री की कई बार शिकायत मिल चुकी थी। फैक्ट्री में नकली पनीर बनाने की शिकायत की गई थी। इसी आधार पर कार्रवाई की गई है, जिसमें मिलावटी पनीर पकड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि रिफाइंड और पाउडर को घोलकर दूध बनाया जा रहा था। उस दूध से पनीर बनाया जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रधान ने बताया कि मौके से मोहरका पट्टी गांव निवासी इंशा अल्लाह और उसके भाई इरफान, कुदैनी गांव निवासी चमन को हिरासत में लिया है। इसके बाद तीनों काे शांतिभंग के आरोप में चालान किया गया है। सहायक आयुक्त ने बताया कि, सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
