शाहजहांपुर: छात्र अपूर्व ने मां की याद में गोली मारकर की थी आत्महत्या
मामा ने दर्ज कराई थी हत्या की रिपोर्ट, पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा
शाहजहांपुर, अमृत विचार। छात्र अपूर्व अवस्थी की मौत के मामले में पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। उसकी हत्या नहीं हुई थी बल्कि उसने तमंचा से गोली मारकर आत्महत्या की थी। मृतक के मामा ने पुरानी रंजिश में पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुवायां थाना के प्रभारी निरीक्षक रवि करन सिंह ने बताया कि प्रमोद कुमार निवासी कुंवरपुर जप्ती थाना पुवायां ने आरोपी अमित मिश्रा, अनुज मिश्रा, आलोक मिश्रा, गौरव और विजय निवासी कुंवरपुर जप्ती थाना पुवायां के खिलाफ अपने भांजे अपूर्व अवस्थी की हत्या कर देनें की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसका भांजा अपूर्व अवस्थी निवासी भीखमपुर जिला खीरी अपने मामा के पास मां की मौत के बाद से रह रहा था। आरोप था कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने उसके भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
एसपी ने घटना के खुलासे के लिए सीओ पुवायां के नेतृत्व में टीम का गठन किया था। पुलिस ने विवेचना के दौरान घटना स्थल का निरीक्षण, अवलोकन सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज संकलन किए गए। हत्या कारित करने की दर्शायी गई घटना के कोई साक्ष्य नहीं पाए गए। इसके बाद वादी प्रमोद के घर पर घटना वाले दिन काम कर रहे राजमिस्त्री और मजदूरों से गोपनीय रूप से जानकारी की गई। मजदूरों ने घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। विवेचना के दौरान 3 जुलाई को मृतक अपूर्व घर पर ही मौजूद था और घर पर केवल महिलाएं थी। जिस मकान में मजदूर काम काम कर रहे थे, उस मकान की बैठक से फायर की आवाज सुनाई दी थी।
मजदूरों ने जाकर देखा तो अपूर्व खुन से लथपथ पड़ा था और गोली स्वयं मारकर आत्महत्या की थी। महिलाएं रोने लगी थी। महिलाओं ने फोन करके परिवार वालों को बुलाया था। अपूर्व को गाड़ी में लादकर अस्पताल ले गए थे। वादी प्रमोद ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसका भांजा अपनी मां को याद करता था और स्कूल के आने के बाद सोफे पर बैठकर गोली मार ली थी। पुरानी रंजिश को लेकर झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया था। अपूर्व ने अपनी मम्मी की याद में खुद गोली मारकर हत्या की है। पुलिस ने तमंचा, खोखा और मोबाइल बरामद कर लिया। प्रमोद ने अन्य जानकारी देने से मना कर दिया। टीम में अपराध निरीक्षक राकेश सिंह, उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार आदि थे।
