अमेठी: घर से लापता 2 वर्षीय बच्चे का तालाब में मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
तिलोई/अमेठी, अमृत विचार। मोहनगंज थानाक्षेत्र के अंतर्गत फूला गांव में एक दो वर्षीय मासूम बच्चा शनिवार की दोपहर घर से गायब हो गया था। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए खोजबीन शुरू कर दी थी। रविवार की सुबह गोताखोरों की मदद से खोजबीन के दौरान तालाब से मृत अवस्था में बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताते चलें कि थानाक्षेत्र के फूला गांव निवासी राम किशुन का दो वर्षीय पुत्र अमन दिन शनिवार की दोपहर दरवाजे पर खेल रहा था। परिजनों की माने वह खेलते खेलते अचानक कही गायब हो गया था। देर शाम तक काफी खोजबीन के बाद भी लड़के का कही पता न चलने पर परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी थी।
जानकारी के बाद रात करीब आठ बजे तिलोई सीओ दिनेश कुमार मिश्र भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे थे। सीओ ने परिजनों से गायब हुए बच्चे के संबंध में जानकारी जुटाने के बाद पुलिसकर्मियों की टीम गठित कर गांव में बच्चे की खोजबीन करने के निर्देश दिए। देर रात तक काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का कही पता नहीं चल सका।
रवि की सुबह स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही रायबरेली के बछरावां थाना अंतर्गत से गोताखोर राम शंकर , अयोध्या प्रसाद, शत्रुघ्न,और जागेश्वर की टीम बच्चे की तलाश करने के लिए घर के बगल स्थित एक तालाब में शुरू किया। काफी खोजबीन के बाद उसी तालाब से बच्चा मृत अवस्था में मिला।
जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के पश्चात अन्य विधिक कार्यवाही की जाएगी।
