सीएम योगी यूपी के इन विकासखंडों को देंगे 20 करोड़ का पुरस्कार, नंबर 1 पर है जालौन, देखें पूरी लिस्ट
लखनऊ, अमृत विचार। ''आकांक्षात्मक विकास खंड'' योजना के तहत वर्ष 2024-25 की वार्षिक रैंकिंग में जालौन, रामपुरा, देवकली, विष्णुपुरा और मड़िहान ने सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करते टॉप-5 रैंकिंग हासल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही इन ब्लाकों को 20 करोड़ रुपये का पुरस्कार और करोड़ों की प्रोत्साहन राशि भी देंगे।
राज्य की सभी 108 आकांक्षात्मक विकास खंडों के समग्र विकास की परियोजनाओं का मार्च 2024 से मार्च 2025 तक के प्रदर्शन के आधार पर मॉनिटरिंग की गई। इसमें विभिन्न विषयगत क्षेत्रों जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बुनियादी ढांचा और सामाजिक विकास में प्रगति का आकलन किया गया। नियोजन विभाग की ओर से जारी डेल्टा रैंकिंग में जालौन जिले के जालौन विकासखंड ने समग्र प्रदर्शन में प्रथम स्थान हासिल किया है। जबकि जालौन के ही रामपुरा ने दूसरा और गाजीपुर के देवकली, कुशीनगर के विष्णुपुरा व मीरजापुर के मड़िहान ने भी टॉप-5 में जगह बनाई। इन आकांक्षात्मक विकास खण्डों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मुख्यमंत्री की ओर से शीघ्र ही 20 करोड़ की प्रोत्साहन राशि और पुरुस्कार प्रदान किया जाएगा।
समग्र डेल्टा रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विकास खण्ड को 2.5 करोड़, द्वितीय को 1.5 करोड़, तृतीय को 1.0 करोड़ और अन्य शीर्ष प्रदर्शन करने वाले खण्डों को 50 लाख की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह प्रोत्साहन राशि इन विकास खंडों में विकास कार्यों को और गति प्रदान करने में सहायक होगी, साथ ही अन्य को भी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
यह भी पढ़ेः निजीकरण पर नियामक आयोग जल्द देगा वृहद रिपोर्ट, हो रहा पावर कॉर्पोरेशन की अंतरिम रिपोर्ट का इंतजार
