37 करोड़ पौधरोपण कर UP देश में बनाएगा नया रिकॉर्ड, बोले CM- पहले वन और खनन माफिया हावी थे इसलिए घटा वनाच्छादन
लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले प्रदेश में वन और खनन माफिया हावी थे। इसके कारण प्रदेश का वन आच्छादन नीचे गिरता चला गया। पिछले आठ वर्ष में ईमानदारी से किए गए प्रयासों का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश के वन आच्छादन में व्यापक स्तर की वृद्धि हुई है।
वे रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से "एक पेड़ मां के नाम" वृक्षारोपण महाभियान-2025 के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रदेश के मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण एवं विधानपरिषद सदस्यों के साथ संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण बचाने एवं भविष्य बचाने के अभियान के साथ उत्तर प्रदेश जुड़ चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश मिशन मोड पर प्रधानमंत्री मोदी के पवित्र संकल्प को जमीन धरातल पर उतारने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी नियोजित प्रयासों के माध्यम से इस अभियान को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 9 जुलाई को 37 करोड़ पौधों का रोपण कर उत्तर प्रदेश, देश में रिकॉर्ड बनाने जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के नकारात्मक परिणाम आज सबके सामने आ रहे हैं, जिसको लेकर दुनिया के पर्यावरणविद चिंतित हैं। अगर इसे संतुलित नहीं किया गया तो भूस्खलन, अतिवृष्टि एवं बाढ़ जैसी अन्य समस्याएं हमारे सामने होंगी। उन्होंने कहा कि धरती माता को पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से ही बचाया जा सकता है, इसके लिए प्रदेश के वन आच्छादन को बढ़ाना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे, हाइवे, इंटर स्टेट कनेटिवटी मार्ग, अमृत सरोवर, नदियों के किनारे, धार्मिक स्थल एवं उनको जोड़ने वाले मार्गों के किनारे पौधरोपण करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधिगण अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान का नेतृत्व करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधिगण वृक्षारोपण के इस अभियान में निजी क्षेत्रों, एनजीओ, धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों एनएसएस व स्काउट्स-गाइड व एनसीसी कैडेट्स को जोड़ें।
जनप्रतिनिधियों ने कहा अभियान को मिलेगी सफलता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ के सांसद सतीश कुमार गौतम, गोरखपुर के संसद रवि किशन शुक्ल, हाथरस जनपद के सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक गुड्डू चौधरी, प्रतापगढ़ सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्या, लखनऊ की मलिहाबाद सीट से विधायक जयदेवी एवं आजमगढ़ से विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक से बातचीत की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अभियान अवश्य सफल होगा। अभियान को लेकर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। समाज का हर वर्ग इस अभियान से जुड़ चुका है।
