पौधरोपण महाभियान: 75 जिलों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत संभालेंगे सभी मंत्री कमान, जोरों पर शासन-प्रशासन और वन विभाग की तैयारी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: पौधरोपण महाभियान-2025 को अभूतपूर्व बनाने के लिए बुधवार को 75 जिलों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री कमान संभालेंगे। ग्राउंड जीरो पर सरकार के उतरने से एक दिन में 37 करोड़ से अधिक पौध लगाने की तैयारी में कोई कमी न रहे, इसे लेकर शासन-प्रशासन और वन विभाग की तैयारी जोरों पर है।

सरकार की ओर से बनीं कार्ययोजना के अनुसार बुधवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बाराबंकी में पौधरोपण करेंगी, उनके साथ राज्यमंत्री सतीश शर्मा रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और आजमगढ़ जाएंगे, उनके साथ वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना व वन राज्यमंत्री केपी मलिक भी रहेंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मेरठ और ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण कर अभियान को सफल बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि राज्य के कैबिनेट, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व राज्य मंत्रिय़ों को आवंटित जिलों में बुधवार को पौधरोपण करना होगा। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना शाहजहांपुर, सूर्यप्रताप शाही अयोध्या, स्वतंत्र देव सिंह गोरखपुर, बेबीरानी मौर्य अलीगढ़, चौधरी लक्ष्मी नारायण मथुरा, जयवीर सिंह मैनपुरी, धर्मपाल सिंह बरेली, नंदगोपाल गुप्ता ''नंदी'' प्रयागराज, अनिल राजभर आजमगढ़, राकेश सचान कानपुर देहात, एके शर्मा जौनपुर, योगेंद्र उपाध्याय आगरा, आशीष पटेल मीरजापुर, डॉ. संजय निषाद अंबेडकरनगर, ओमप्रकाश राजभर गाजीपुर, दारा सिंह चौहान देवरिया, सुनील कुमार शर्मा गाजियाबाद और अनिल कुमार बिजनौर में पौधरोपण करेंगे।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल कानपुर नगर, कपिलदेव अग्रवाल मुजफ्फरनगर, रविंद्र जायसवाल वाराणसी, संदीप सिंह एटा, गुलाब देवी संभल, गिरीश यादव प्रतापगढ़, धर्मवीर प्रजापति झांसी, असीम अरुण कन्नौज, जेपीएस राठौर मुरादाबाद, दयाशंकर सिंह बलिया, नरेंद्र कश्यप हापुड़, दिनेश प्रताप सिंह रायबरेली, दयाशंकर मिश्र दयालु चंदौली में पौधरोपण महाभियान का हिस्सा बनेंगे।

आज से ही जिलों में नोडल बने शीर्ष अधिकारियों का डेरा

सभी जिलों में शासन स्तर के अधिकारियों को नोडल अफसर बनाकर मंगलवार सुबह से ही जिलों में पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं व तैयारियों का जायजा लेना है। प्रमुख सचिव नियुक्ति एम. देवराज प्रयागराज, पेयजल मिशन ग्रामीण के प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर वाराणसी, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद जौनपुर, चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग की सचिव डॉ. पिंकी जोवेल मीरजापुर, सिंचाई विभाग के सचिव जीएस नवीन आजमगढ़, खेल सचिव सुहास एलवाई गोरखपुर, स्कूल शिक्षा की महानिदेशक कंचन वर्मा गोंडा, प्रमुख सचिव सिंचाई व जल संसाधन अनिल गर्ग अयोध्या, सचिव बेसिक शिक्षा सारिका मोहन बाराबंकी, प्रमुख सचिव (चिकित्सा स्वास्थ्य) पार्थसारथी सेन शर्मा लखनऊ, आवास आयुक्त बलकार सिंह मेरठ, प्रमुख सचिव (नगर विकास) अमृत अभिजात गााजियाबाद, प्रमुख सचिव (पर्यटन-संस्कृति) मुकेश मेश्राम नोएडा के नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा भी अन्य सभी जनपदों में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

अभियान की सफलता के लिए वन विभाग के अधिकारी भी विभिन्न विभागों व मंत्रालयों से समन्वय स्थापित कर रहे हैं। महाप्रबंधक उत्पादन (वन निगम) संजय कुमार को ग्राम्य विकास, पंचायती राज, उद्यान व रेशम विभाग से समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (प्रोजेक्ट टाइगर) ललित वर्मा लोक निर्माण, एमएसएमई, औद्योगिक विकास, महाप्रबंधक (कार्मिक) उप्र वन निगम सुजॉय बनर्जी रेलवे, पशुपालन, सहकारिता विभाग से को-ऑर्डिनेशन कर रहे हैं। 

मुख्य वन संरक्षक (ईको विकास) नीरज कुमार जलशक्ति, सिंचाई व जल संसाधन, नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति, राजस्व, पर्यावरण तथा आवास विकास विभाग से समन्वय स्थापित कर रहे हैं। मुख्य वन संरक्षक (परियोजना) डॉ. के इलांगो को कृषि, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, परिवहन, ऊर्जा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य वन संरक्षक (मानव संसाधन विकास) एचवी गिरीश नगर विकास, गृह, रक्षा, श्रम विभाग से अभियान की सफलता को लेकर को-ऑर्डिनेट कर रहे हैं। वन संरक्षक (लुप्तप्राय) मनोज सोनकर को महाभियान को सफल बनाने की बेसिक, माध्यमिक, उच्च व प्राविधिक शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

गंगा, यमुना, सरयु, गोमती आदि के किनारे पौधरोपण अभियान

योगी सरकार ने पर्यावरण संरक्षण और नदियों के पुनर्जीवन के लिए पौधरोपण महाभियान में वन विभाग ने प्रमुख नदियों के किनारे लगभग 3.5 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश की प्रमुख नदियों गंगा, यमुना, गोमती, केन, बेतवा आदि के किनारे 5 किलोमीटर के क्षेत्र में पौधरोपण किया जाएगा। जिसका उद्देश्य नदियों के किनारे हरित आवरण को बढ़ाना, प्रदूषण नियंत्रण, मृदा संरक्षण, जल संचयन के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ के विशेष अभियान नदी पुनर्जीवन कार्यक्रम के लिए भी लाभदायक साबित होगा। यह अभियान न केवल पर्यावरण संतुलन को बनाए रखेगा, बल्कि नदियों के पुनरोद्धार और कृषकों की आय में वृद्धि में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

वन विभाग प्रदेश की सभी प्रमुख नदियों के किनारे 21,313.52 हेक्टेयर क्षेत्र में 3,56,26,329 पौधों का रोपण करने का लक्ष्य तय किया गया है। इस अभियान के तहत गंगा, यमुना, सरयू, गोमती, केन, बेतवा, राप्ती, सोन, रामगंगा, छोटी गंडक, चंबल, हिंडन, और अन्य नदियों के किनारे 5 किलोमीटर के दायरे में पौधरोपण किया जाएगा। 

अभियान के तहत यमुना नदी के किनारे सर्वाधिक 96,78,330 पौधे लगाए जाएंगे, जबकि गंगा के किनारे 54,80,994 और बेतवा के किनारे 50,61,251 पौधों का लक्ष्य रखा गया है। सरयू/घाघरा, गोमती, सई, केन, राप्ती, सोन, रामगंगा, छोटी गंडक, चंबल, और हिंडन नदियों के किनारे भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण होगा।

आवास विकास प्रदेश भर में लगाएगा 1.10 लाख पौधे

अमृत विचार,लखनऊ : उप्र आवास एवं विकास परिषद अपनी योजनाओं में पौधरोपण अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.10 लाख पौधे लगाएगा। वृंदावन योजना, अवध विहार योजना और आम्रपाली योजना में 31000 पौधे लगाए जाएंगे। इनमें अधीक्षण अभियंता अवध विहार वृत्त को 25000, वृंदावन वृत्त को 5000 और अधीक्षण अभियंता लखनऊ वृत्त को 1000 पौधे लगवाने हैं। सबसे अधिक 40000 पौधे लगवाने का लक्ष्य अधीक्षण अभियंता बागपत वृत्त को दिया गया है। अधीक्षण अभियंता मरेठ वृत्त को 25000, अधीक्षण अभियंता रुहेलखंड वृत्त 5000, गाजियाबाद वृत्त 5000, अधीक्षण अभियंता अयोध्या वृत्त और अधीक्षण अभियंता बुन्देलखंड वृत्त को 2-2 हजार पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। 9 जुलाई को पौधरोपण किया जाएगा।

ये भी पढ़े : लापरवाही बर्दाश्त नहीं! मरीजाें को दें बेहतर इलाज, उप मुख्यमंत्री ने KGMU में कुलपति व अन्य के जिम्मेदारों के साथ की बैठक

 

 

संबंधित समाचार