लखीमपुर खीरी: जलस्तर घटने से बढ़ा कटान...कई आशियाने नदी में समाए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मूड़ा सवारान, अमृत विचार। पहाड़ों पर थमी बारिश और बैराजों से कम हुए पानी के डिस्चार्ज से नदी का जलस्तर घट रहा है। लेकिन कटान में इजाफा होने से लोग मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। कटान से कई घर नदी में समा चुके हैं और दर्जनों मकान नदी में समाने के करीब खड़े हैं। प्रशासन द्वारा पीड़ितों को अब तक राहत सामग्री नहीं पहुंचाई गई है।

विकास खंड बिजुआ की ग्राम पंचायत करसौर में शारदा नदी के जल स्तर से कटान तेज हो गया है। शारदा नदी पक्के मकानों को अपने आगोश में लेती जा रही है। कटान की भयावह स्थिति देखकर लोग सुरक्षित स्थान पर पलायन कर रहे हैं। स्थानीय पीड़ितों ने बताया कि छह मकान शुक्रवार तक नदी में समाहित हो चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार दर्जनों मकानों पर कटान की तलवार लटक रही है। प्रशासन द्वारा कटान रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। शुक्रवार को मौके पर पहुंचे गोला तहसीलदार भीमचंद ने स्थिति का जायजा लिया।

पिछले वर्ष पास के गांव में बाढ़ के चलते सैकड़ो लोगों को बेघर होना पड़ा था। अब एक बार फिर करसौर गांव में शारदा नदी ने कटान तेज कर दिया है। कटान के डर से सहमे ग्रामीण बैलगाड़ियों एवं ट्रालियों में अपना सामान भरकर अपने आशियाने को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यदि कटान की स्थिति ऐसी ही रही तो चकपुरवा गांव की तरह इस गांव का वजूद भी समाप्त हो जाएगा और एक दिन कागजों के पन्ने में करसौर गांव भी इतिहास बन कर रह जाएगा।

 

संबंधित समाचार