बदायूं: सोलर पैनल के पाइप में दौड़ा करंट...चपेट में आकर महिला की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

कुंवरगांव, अमृत विचार। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के एक गांव में चूल्हे पर खाना बना रही महिला की करंट से मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। 

हादसा कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव अहरुइया में शनिवार सुबह लगभग आठ बजे हुआ। गावं निवासी व आंवला तहसील में प्राइवेट नौकरी करने वाले राजकुमार की पत्नी सुनीता (42) चूल्हे पर खाना बना रही थी। पास में ही सोलर पैनल का पाइप लगा था। जिसे रोकने के लिए तार से बांधकर पड़ोसी के छत पर निकली सरिया से बांधा हुआ था। महिला के खाना बनाते समय पड़ोसी की सरिया के पास केबिल कटी होने से तार के सहारे पाइप में करंट आ गया। 

खाना बनाते समय सुनीता पाइप से छू गईं। उन्हें करंट लग गया। वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गईं। परिजन दौड़कर पहुंचे। महिला को जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव गांव ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मचा है। महिला के बच्चे रमन कुमार, लक्ष्मी, लवली और रागिनी रो रोकर बेहाल हैं।

संबंधित समाचार