Good News: नगर पालिका सुलतानपुर को मिलेगा ‘स्मार्ट सिटी‘ का दर्जा, पालिकाध्यक्ष ने जताया मुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री का आभार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रदेश के 58 चयनित नगर निकायों में शामिल, अब आधुनिक सुविधाओं से सजेगा शहर

सुलतानपुर, अमृत विचार। सुलतानपुर शहर के लिए यह एक गौरवपूर्ण क्षण है। उत्तर प्रदेश सरकार की “स्मार्ट पालिका” योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद सुलतानपुर का चयन प्रदेश के 58 नगर निकायों में किया गया है। इस उपलब्धि पर पालिकाध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री एके शर्मा का आभार जताया है।

रविवार को नगरीय निकाय निदेशालय से आए सहायक निदेशक (लेखा) अखिल सिंह एवं कंसल्टेंट परनीत ने नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल से विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें शहर की संपत्तियों, अवस्थापना, नागरिक सुविधाओं और विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।

निदेशायल से आईटीम ने ईओ लालचंद्र सरोज के साथ पं. रामनरेश त्रिपाठी सभागार, नगर पालिका कार्यालय, पर्यावरण पार्क, कान्हा गौशाला, वेंडिंग ज़ोन, प्रमुख चौराहे आदि का निरीक्षण किया। इसके साथ-साथ मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों का भी जायजा लिया गया।

जैसे नए पार्कों का सृजन, चौराहों का सुंदरीकरण, डिजिटल एलईडी होर्डिंग्स, स्मार्ट रिकार्ड रूम, लाइब्रेरी व स्टडी सेंटर, नागरिक सुविधा केंद्र और सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम। निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक ने नगर पालिका परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त डीसीसीसी (डिजिटल सिटीजन कनेक्ट सेंटर) स्थापित करने के निर्देश दिए।

जल्द भेजे जाएंगे स्मार्ट प्रस्ताव

ईओ लालचंद्र सरोज ने बताया कि निदेशालय स्तर से निर्देश प्राप्त होने के बाद सोलर स्ट्रीट लाइट सिस्टम, ऑडिटोरियम, एक्ज़ीबिशन सेंटर, डिजिटल क्लासरूम युक्त स्कूल, साइनेज सिस्टम आदि कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट और सुझावों के आधार पर योजनाओं को समयबद्ध ढंग से मूर्त रूप दिया जाएगा।

क्या बोले पालिकाध्यक्ष

यह शहरवासियों की आकांक्षाओं की जीत है। स्मार्ट पालिका के रूप में सुलतानपुर के विकास का नया अध्याय शुरू होगा। मुख्यमंत्री के भरोसे पर खरा उतरेंगे। समय बद्ध तरीके से नगर को स्मार्ट रूप में विकसित किया जाएगा... प्रवीन कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद, सुलतानपुर।

संबंधित समाचार