Bareilly: सावन के पहले सोमवार को शिवमयी हुई नाथ नगरी...शिवालयों में हुआ जलाभिषेक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सावन के पहले सोमवार को नाथ नगरी शिवमयी हो गई। सभी शिवालयों में जलाभिषेक की होड़ भक्तों में दिखी। पावन घाटों से जल लेकर आये शिव भक्त बम-बम भोले के जयकारे लगाते रहे। कछला, ऊं कारोश्वर, महाकालेश्वर, हरिद्वार आदि पवित्र स्थानों से जल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने महादेव पर जल चढ़ा कर अपना संकल्प पूरा किया।

शहर के सात नाथ मंदिरों अलखनाथ, त्रिवटीनाथ, तपेश्वरनाथ, मढ़िनाथ, धोपेश्वर नाथ, पशुपतिनाथ, वनखंडिनाथ मंदिर के अलावा छोटे-बड़े शिव मंदिरों में भी भक्त भगवान शिव के दर्शन को पहुंचे। मंदिरों में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया। अलखनाथ, त्रिवटीनाथ मंदिर, पशुपतिनाथ मंदिर में महाआरती का आयोजन हुआ। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ सुबह छह बजे से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगनी शुरू हो गयी। 

मंदिरों के बाहर भोलेनाथ को प्रिय कनेर के फूल, बेलपत्र आदि के स्टालों पर भक्तों ने खूब खरीदारी की। पूजन के बाद जगह-जगह कांवड़ियों ने भोले के भजनों पर नृत्य किया और शांति के साथ वापस लौटे। लोगों ने कांवड़ियों के लिए पानी व भोजन भंडारों का भी आयोजन किया था। शहर में जगह-जगह केसिरया रंग पहने कांवड़ियों की भीड़ दिखाई दी। वहीं भोले नाथ के भक्तों ने मंदिरों व घरों में अपने बोला-बधा रुद्राभिषेक कराया।

संबंधित समाचार