बरेली: सपा प्रदेश अध्यक्ष नाराज, बोले- अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शनिवार को हुई मासिक बैठक में पार्टी नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल काफी नाराज हैं। मामला संज्ञान में आने पर जिलाध्यक्ष अगम मौर्य ने भी फोन पर उन्हें पूरी बात बता दी। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बरेली में पार्टी …

बरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शनिवार को हुई मासिक बैठक में पार्टी नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल काफी नाराज हैं। मामला संज्ञान में आने पर जिलाध्यक्ष अगम मौर्य ने भी फोन पर उन्हें पूरी बात बता दी। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बरेली में पार्टी के अंदर गुटबाजी और बैठक में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।

उन्होंने किसानों के समर्थन व सरकार विरोधी नीतियों को लेकर सोमवार से शुरू होने वाली किसान रैली को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
बता दें कि शनिवार को पार्टी कार्यालय में किसान रैली को लेकर चर्चा होनी थी लेकिन यह बैठक एजेंडे से भटककर निजी टिप्पणी के कारण विवादों में घिर गई थी।

पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने बोलना शुरू किया तो पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद यादव ने टिप्पणी करके बखेड़ा करा दिया था। अरविंद यादव का कहना था मासिक बैठक में सिर्फ एजेंडे की बात होनी चाहिए। किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी की जाए तो नाम लेकर की जाए। यहीं से मामला तूल पकड़ गया था। जिला उपाध्यक्ष प्रमोद बिष्ट के समझाने पर जब मामला शांत नहीं हुआ तो जिलाध्यक्ष अगम मौर्य ने नाराजगी जताई। इसके बाद मामला शांत हो गया।

कुछ देर बाद पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव और पूर्व जिला उपाध्यक्ष हरिशंकर यादव के बीच विवाद हो गया। आरोप लगा कि पूर्व जिला उपाध्यक्ष ने महिपाल सिंह के साथ धक्का-मुक्की की। देर शाम मामला सुर्खियों में आया तो पार्टी नेता इस मामले पर खुलकर बोलने से बचते रहे लेकिन दबी जुबान सभी का यही कहना था कि पार्टी में कुछ लोगों ने जान-बूझकर माहौल खराब करने की कोशिश की है।

वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई अभद्रता का मामला देर शाम प्रदेश अध्यक्ष के संज्ञान में आया तो उन्होंने भी नाराजगी जाहिर की। जिलाध्यक्ष ने भी पूरे मामले से अवगत कर दिया था। इधर, जिलाध्यक्ष अगम मौर्य का कहना है किसान रैली को लेकर रणनीति बनाई जा चुकी है। सोमवार को बहेड़ी से रैली प्रारंभ की जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष बोले- निपट गया मामला
इधर, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल से फोन पर वार्ता की गई तो उन्होंने मामला निपट जाने की बात कही और सोमवार से चालू होने वाली किसान यात्रा को लेकर पार्टी पदाधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसानों के उत्पीड़न, शोषण के खिलाफ और भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों और किसान बिलों के खिलाफ बड़े पैमाने पर पूरे प्रदेश में किसान यात्रा निकलेगी। इसमें पार्टी कार्यकर्ता किसानों के आंदोलन का समर्थन करने के साथ ही लोगों को जागरूक करेंगे।

संबंधित समाचार