Lucknow News: एचपीवी वायरस से पुरुषों में भी होता है कैंसर
लखनऊ, अमृत विचार : कल्याण सिंह कैंसर संस्थान की स्त्री कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सौम्या गुप्ता ने कहा कि हृयूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) से सिर्फ सर्वाइकल कैंसर ही नहीं होता है, बल्कि इससे त्वचा, वैजाइना, गुदा, लिंग और ओरोफेरिंक्स का कैंसर भी होता है। यह महिला और पुरुष दोनों को समान रूप से प्रभावित करता है। इसलिए शुरुआत में ही इसकी पहचान करना और इसे फैलने से रोकने का प्रयास करना चाहिए।
डॉ. सौम्या राजधानी स्थित निजी होटल में सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा चलाए जा रहे कॉनकर एचपीवी एंड कैंसर कॉन्क्लेव 2025 को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने बताया कि एचपीवी का खतरा 15 से 25 साल की उम्र में अधिक होता है, इसकी जांच व बचाव एचपीवी वैक्सीन (टीके) से संभव है, जो कि कम खर्चीला है और उपलब्ध हैं। कॉन्क्लेव में डॉ.अभिषेक बंसल, डॉ.संगीता मेहरोत्रा, सोनिया लूथरा, व उत्कर्ष बंसल आदि शामिल रहे।
