मुरादाबाद: निकाह के लिए धर्म परिवर्तन कराने वाले भाइयों पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/कांठ/अमृत विचार। धर्म परिवर्तन प्रतिषेद अध्यादेश 2020 लागू होने के बाद कांठ में पहला मामला सामने आया है। निकाह के लिए हिन्दू लड़की का धर्म परिवर्तन कराने में कांठ कस्बे में रहने वाले दो भाइयों के खिलाफ इस अध्यादेश के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवती को शनिवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पकड़ा …

मुरादाबाद/कांठ/अमृत विचार। धर्म परिवर्तन प्रतिषेद अध्यादेश 2020 लागू होने के बाद कांठ में पहला मामला सामने आया है। निकाह के लिए हिन्दू लड़की का धर्म परिवर्तन कराने में कांठ कस्बे में रहने वाले दो भाइयों के खिलाफ इस अध्यादेश के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवती को शनिवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पकड़ा था और पूछताछ करने के बाद कांठ पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर बद कार्यकर्ताओं ने हंगामा भी किया था। दोनों भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया है।

मामला शनिवार को कांठ कस्बे में पकड़ में आया था। दरअसल बजरंग दल कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि एक युवती धर्म परिवर्तन कर निकाह करने के लिए आई है। मौजूदा समय में वह अपने प्रेमी के साथ तहसील में मौजूद है। सूचना मिलने पर बद के जिला सह संयोजक मोनू विश्नोई के साथ तमाम कार्यकर्ता तहसील पहुंच गए। उन्होंने वहां पर बुर्का पहने एक युवती को रोक लिया। हालांकि उसके साथ आया युवक मौके से निकल गया।

पूछताछ कर पर युवती ने बताया कि वह बिजनौर जिले के गांव दारागंज की रहने वाली है। उसने बताया कि वह देहरादून में रहकर पढ़ाई करती थी। जहां पर उसकी मुलाकात कांठ के मोहल्ला पृथ्वी गंज के निवासी राशिद से हुई, जो देहरादून में एक पार्लर में काम करता था। युवती के अनुसार वह राशिद से प्रेम करने लगी और करीब पांच माह पहले उसने धर्म परिवर्तन करके देहरादून में राशिद से निकाह कर लिया था। युवती का दावा था कि वह करीब पांच माह से कांठ में रह रही है।

हालांकि वह कार्यकर्ताओं को पांच माह पहले निकाह करने के कोई साक्ष्य नहीं दिखा सकी। जिस पर उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि धर्मपरिवर्तन करने के बाद युवती अपने प्रेमी के साथ निकाह करने आई है। हंगामा बढ़ा तो पुलिस भी आ गई, बाद में पुलिस युवती को कांठ थाने ले आई। उसके पीछे कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। हालांकि यहां भी युवती ने पूछताछ में यही बयान दिए। माहौल गर्माने पर पुलिस ने इसकी जानकारी युवती के परिजनों को दी तो शनिवार की देर शाम वह भी मौके पर आ गए।

रविवार को युवती की मां की तहरीर पर कांठ थाने में राशिद व उसके भाई सलीम के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेद अध्यादेश 2020 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया है।

बद कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
कांठ। मुरादाबाद जिले में पहला मामला पकड़ में आने के बाद क्षेत्रीय लोगों ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। जिलाध्यक्ष अवनीष सेंगर ने विश्नोई मंदिर में सम्मान समारोह का आयोजन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन इस तरह के मामलों को रोकने का हरसंभव प्रयास करेगा। जरूरत पड़ी तो कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही आंदोलन भी किया जाएगा।

संबंधित समाचार